सिंचाई एवं पेयजल के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करें, जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक संपन्न
Last Updated: अक्टूबर 27, 2021 " 09:07 अपराह्न"
रतलाम। जिले में इस वर्ष पर्याप्त वर्षा हुई है ।सभी जल संरचनाओं में अभी पर्याप्त जल उपलब्ध है । उपलब्ध पानी की सुरक्षा करने के साथ ही सिंचाई एवं पेयजल के लिए जलापूर्ति सुनिश्चित करें। अवैध रूप से पानी लेने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करें। उक्त निर्देश जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती जमुना भिड़े ने दिए ।
जिला पंचायत प्रधान प्रमेश मईड़ा ने कहा कि जिन क्षेत्रों में नियमित बिजली बिल जमा हो रहे हैं वहां पर डीपी प्राथमिकता से उपलब्ध करवाई जाए। बैठक में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री पी.के. खरत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के कार्यपालन यंत्री पी.के. गोगादे, नगर निगम कमिश्नर सोमनाथ झारिया सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में जानकारी दी गई थी मध्यम परियोजना सरोज सरोवर धोलावाड बांध में गत वर्ष 2020- 21 में मध्यम परियोजना से रबी सिंचाई लक्ष्य 5600 हैक्टर क्षेत्र में रखा गया था, जिसके विरुद्ध शत-प्रतिशत सिंचाई की गई। रूपांकित जीवित जल क्षमता के विरुद्ध पूर्ण जल भराव हुआ है । इसी प्रकार 120 लघु सिंचाई योजनाओं से 26909 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की गई। रबी फसल हेतु 27011 हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।
बैठक में निर्देश दिया गया कि पेयजल की सुरक्षा के लिए संबंधित निकाय एवं संस्था कार्यवाही सुनिश्चित करें। विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि नहर के अंतिम छोर तक सिंचाई हेतु पानी उपलब्ध कराया जा सके तथा आरक्षित पेयजल की सुरक्षा सुनिश्चित हो इस हेतु बिना विभाग की लिखित अनुमति के विद्युत संयोजन नहीं करें। कृषि विभाग तालाबों के कमांड क्षेत्र में कृषकों को संतुलित उर्वरक एवं उच्च गुणवत्ता के बीज की उपलब्धता समय पर करवाएं जिससे उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ आर्थिक स्थिति में भी सुधार हो सके । बैठक में रतलाम नगर एवं सैलाना नगरीय क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए वर्तमान निश्चित पानी की मात्रा को नवीन आवश्यकतानुसार रिवाइज करने हेतु निर्देशित किया गया। इस दौरान सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति एवं उपलब्ध संसाधनों में पर चर्चा की गई।