Ratlam:नदी जोड़ो अभियान के चयनित ग्राम में हुआ संवाद पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी लिंक परियोजना
Last Updated: मार्च 14, 2024 " 08:52 पूर्वाह्न"
रतलाम। भारत सरकार एवं राज्य सरकार की पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी लिंक परियोजना अंतर्गत रतलाम विकासखंड के चयनित दो गांव कमेड़, धनासुता में जल संसाधन विभाग एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय जन जागरूकता कार्यक्रम अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, वाद विवाद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न किए गए।
कलश यात्रा ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में निकाली गई। कलश यात्रा के पश्चात जन अभियान परिषद द्वारा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें सर्वप्रथम कन्या पूजन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। योजना की संपूर्ण रूपरेखा एवं स्वागत भाषण जल संसाधन विभाग के एसडीओ सत्येंद्र यादव द्वारा प्रस्तुत करते हुए कहा गया कि रतलाम ग्रामीण के यह दो गांव संपूर्ण क्षेत्र को जल प्रदान करेंगे। शैलेंद्रसिंह सोलंकी ने जन अभियान परिषद द्वारा चलाई जा रही जनजागरूकता गतिविधियों एवं जल संरक्षण के विषय को रेखांकित किया।
विधायक मथुरालाल डामर ने संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों को आमजन के समक्ष रखा। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किसानों के हित मे लिए गए सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जल संरक्षण की दिशा में यह योजना दूरगामी साबित होगी और इसका लाभ किसानों और आम जनता को मिलेगा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजित जल संरक्षण से संबन्धित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कृत किया। संचालन परामर्शदाता राजेश सोलंकी ने किया तथा आभार ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती रीना शर्मा ने माना।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य नाथूलाल गामड़, प्रदीप सिंह सोनगरा, घनश्याम जाट, श्याम शर्मा, प्राचार्य कैलाश, जल संसाधन विभाग के महेंद्र वाघेला, नोडल अधिकारी पंचायत धन्नालाल फुलेरिया, सुनील गुर्जर, सुरेश पाटीदार, जन अभियान परिषद के परामर्शदाता रघुवीर सिंह सिसोदिया, मेघा श्रोत्रिय, आशीष यादव, प्रदीप बिलवाल, नवांकुर समिति के ओमप्रकाश पाटीदार, जितेंद्र राव, ग्राम विकास पशुपालन समितियों के कार्यकर्तागण, सीएमसीएलडीपी विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।