विराट कोहली ने कर दिया टेस्ट से रिटायरमेंट का ऐलान, भारत के रहे सबसे सफल कप्तान; रिकॉर्ड्स की लगाई भरमार
Last Updated: मई 12, 2025 " 02:34 अपराह्न"
नई दिल्ली। भारतीय टीम के सुपरस्टार विराट कोहली ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। कोहली ने 123 टेस्ट में 30 शतक और 31 अर्धशतकों की मदद से 9230 रन बनाए। भारत के इंग्लैंड दौरे से पहले कोहली ने टेस्ट प्रारूप से संन्यास लेकर हैरान किया।
हाल ही में रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा था। अब कोहली ने क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप से संन्यास लिया। कोहली के संन्यास के साथ एक युग का अंत हुआ। इसी के साथ तय हो गया कि इंग्लैंड दौरे पर नई भारतीय टीम जाएगी, जिसका नेतृत्व संभवत: शुभमन गिल करेंगे।
Virat Kohli ने इंस्टाग्राम पर अपने टेस्ट रिटायरमेंट की जानकारी दी। बता दें कि विराट और रोहित ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से भी साथ में रिटायरमेंट लिया था। विराट ने अपने इंस्टा पर लिखा है- 269 signing off। 269 उनका टेस्ट कैप का नंबर है। वे इंग्लैंड दौरे पर अब नहीं जाएंगे।
अपने रिटायरमेंट की घोषणा करते हुए विराट कोहली (Virat Kohli) ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “टेस्ट क्रिकेट में पहली बार बैगी ब्लू पहने हुए 14 साल हो चुके हैं। ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह प्रारूप मुझे किस सफर पर ले जाएगा। इसने मेरी परीक्षा ली, मुझे आकार दिया और मुझे ऐसे सबक सिखाए, जिन्हें मैं जीवन भर साथ रखूंगा। सफेद कपड़ों में खेलना एक बहुत ही निजी अनुभव है। शांत परिश्रम, लंबे दिन, छोटे-छोटे पल, जिन्हें कोई नहीं देखता, लेकिन जो हमेशा आपके साथ रहते हैं।
विराट कोहली (Virat Kohli) आगे लिखते हैं, “मैं इस फॉर्मेट से दूर हो रहा हूं, लेकिन यह आसान नहीं है। हालांकि, यह सही लगता है। मैंने इसमें अपना सबकुछ दिया है, और इसने मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज़्यादा दिया है। मैं दिल से आभार के साथ जा रहा हूं – खेल के लिए, उन लोगों के लिए जिनके साथ मैंने मैदान साझा किया और हर एक व्यक्ति के लिए जिसने मुझे इस दौरान देखा। मैं हमेशा अपने टेस्ट करियर को मुस्कुराते हुए देखूंगा। #269, साइनिंग ऑफ।”
विराट कोहली ने 20 जून 2011 को अपना टेस्ट डेब्यू वेस्टइंडीज के खिलाफ किया था। वहीं, आखिरी मुकाबला उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में खेला, जो सिडनी में 3 जनवरी 2025 से खेला गया था। विराट कोहली ने 123 टेस्ट मैचों की 210 पारियों में कुल 9230 रन बनाए। इसमें सात दोहरे शतक समेत कुल 30 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 46.85 का रहा है, जबिक स्ट्राइक रेट 55.58 का था। 13 बार वे इस फॉर्मेट में नाबाद रहे। 1027 चौके और 30 छक्के उन्होंने अपने टेस्ट करियर में जड़े।