MP में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 6 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
Last Updated: जुलाई 2, 2026 " 10:52 पूर्वाह्न"
भोपाल (स्पष्ट खबर)। मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। बुधवार को मानसून ने सागर और भोपाल संभाग के कई जिलों को कवर कर लिया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को इसके उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग के शेष हिस्सों में भी पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी से अति भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।
6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 4 से 8 इंच बारिश की संभावना मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बालाघाट जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में इन जिलों में 4 से 8 इंच तक वर्षा हो सकती है।
7 जिलों में येलो अलर्ट अशोकनगर, देवास, खंडवा, बैतूल, सागर, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
35 से अधिक जिलों में तेज हवा के साथ बारिश भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।
इंदौर में जलभराव, दुकानों में घुसा पानी बुधवार को इंदौर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। वार्ड क्रमांक 80 में पानी दुकानों के भीतर तक पहुंच गया। शहर के कई हिस्सों में सड़कें जलमग्न हो गईं और लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।
आगे 3 दिन रेड अलर्ट मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 जुलाई तक प्रदेश में भारी से अति भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 3 जुलाई को धार और बड़वानी तथा 4 जुलाई को खरगोन जिले के लिए अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
अब तक 28% कम बारिश बारिश के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 1 जुलाई तक कुल 100.2 मिमी यानी करीब 4 इंच बारिश दर्ज की गई है। सामान्य तौर पर इस अवधि में 139.7 मिमी यानी करीब 5.4 इंच वर्षा होती है। इस तरह अब तक 28 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
जुलाई से उम्मीद हालांकि मौसम विभाग को जुलाई से अच्छी बारिश की उम्मीद है। विभाग के अनुसार मानसून सीजन की करीब एक-तिहाई बारिश जुलाई में होती है। भोपाल में सामान्य रूप से जुलाई के दौरान लगभग 14 इंच वर्षा होती है, जबकि जबलपुर में 17 इंच से अधिक बारिश दर्ज की जाती है। आमतौर पर पूरे मानसून की करीब 40 प्रतिशत बारिश अकेले जुलाई में होती है, जिससे बारिश की मौजूदा कमी पूरी होने की संभावना है।