रतलाम/नवागत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने पदभार ग्रहण किया
Last Updated: अगस्त 4, 2026 " 05:43 अपराह्न"
Ratlam:नवागत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने पदभार ग्रहण किया
रतलाम,(स्पष्ट खबर)। भारतीय प्रशासनिक सेवा 2012 बैच के आईएएस अधिकारी अजय कटेसरिया ने मंगलवार को रतलाम जिले के नवागत कलेक्टर के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। कलेक्टर कार्यालय पहुंचने पर जिला एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कलेक्टर श्री कटेसरिया इससे पूर्व मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग में अपर सचिव तथा कर्मचारी चयन मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल के संचालक के पद पर पदस्थ थे। इसके पूर्व वे सतना जिले में कलेक्टर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत अधिकारियों ने उन्हें जिले की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों की गतिविधियों से संबंधित प्रारंभिक जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री कटेसरिया ने जिला कोषालय, रतलाम का प्रभार भी ग्रहण किया। वरिष्ठ कोषालय अधिकारी द्वारा उन्हें कोषालय की कार्यप्रणाली एवं वित्तीय व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। पदभार ग्रहण के दौरान पूर्व कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।