पीएम मोदी ने कहा- आरोग्य सेतु ऐप कोरोना के खिलाफ जंग में जरूरी हथियार, इसे यात्रा के दौरान ई-पास के तौर पर इस्तेमाल में लिया जाए
Last Updated: अप्रैल 12, 2020 " 06:10 पूर्वाह्न"
कोरोनावायरस के संक्रमण के खिलाफ जंग में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने आरोग्य सेतु ऐप लॉन्च किया है। इसके जरिए लोगों को महामारी के लक्षण और बचाव के तरीके जैसी अहम जानकारियां दी जा रही हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आरोग्य सेतु ऐप कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जरूरी हथियार है। इससे संभावना मिली है कि इसे एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए ई-पास के तौर पर इस्तेमाल में लिया जाए।उन्होंने आरोग्यसेतु ऐप को लोकप्रिय बनाने और लोगों को अधिक से अधिक संख्या में इसे डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करने की भी बात कही।
दुनिया के कई देश लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए मोबाइल ऐप और एआई की मदद ले रहे हैं। प्रधानमंत्री ने दक्षिण कोरिया और सिंगापुर में संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने वालों की खोज करने के प्रयासों की सफलता का उल्लेख किया किया और कहा कि उनके अनुभवों के आधार पर भारत ने इस ऐप के माध्यम से अपने प्रयास शुरू किये हैं और यह ऐप इस महामारी से निपटने में एक आवश्यक उपकरण बनेगा। उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से ही एक स्थान से दूसरे स्थान की यात्रा करने वालों के लिए ई-पास उपलब्ध कराने की संभावना तलाशी जाएगी।
कोरोना के खिलाफ ऐप टेक्नोलॉजी कैसे इस्तेमाल हो रही है?
इंस्टॉल के वक्त: सबसे पहले आरोग्य सेतु ऐप को एपल स्टोर या गूगल प्ले स्टोर से इंस्टॉल करें। अब एप खोलने से पहले मोबाइल की लोकेशन और ब्लूटूथ ऑन करें। इसके बाद ऐप खोलें। ये दोनों हमेशा ऑन रहेंगे, तभी यह ऐप काम करेगा। आप अपनी लोकेशन शेयरिंग को हमेशा Always पर रखें ताकि ऐप को पता रहे कि आप कब, कहां जा रहे हैं। ऐप लोकेशन इस्तेमाल करने की अनुमति मांगेगा। यह अनुमति दें। इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन के लिए नाम, उम्र, लिंग आदि की जानकारी देनी होगी। ये भी बताना होगा कि हाल ही में विदेश यात्रा की है या नहीं।
आरोग्य सेतु ऐप कितना फायदेमंद है?
ऐप कोरोना से आपको जोखिम का स्तर बताता है। यह ‘सेल्फ असेसमेंट टेस्ट’ में दी गई लक्षणों, बीमारियों जैसी जानकारियों और आपकी लोकेशन के आधार पर बताता है कि आपको कोरोना का कितना जोखिम है। यह बताता है कि क्या आपको टेस्ट की, डॉक्टर को दिखाने की या फोन पर परामर्श की जरूरत है।
ऐप पर सभी प्रदेशों और सेंट्रल हेल्पलाइन नंबर की जानकारी है, जिस पर सीधे क्लिक पर आप डायल कर सकते हैं। साथ ही यह आपको ट्वीट फीड के जरिए कोरोना से जुड़ी लाइव जानकारियां भी देता रहता है।