जब तक मैं टीम के सबसे तेज़ दौड़ने वाले से तेज़ हूं तब तक खेलता रहूंगा’-धोनी
Last Updated: अगस्त 10, 2020 " 08:12 पूर्वाह्न"
एमएस धोनी और हार्दिक पांड्या. फोटो: BCCI
(खेल खबर) एमएस धोनी. लंबा वक्त गुज़र गया धोनी को फिर से मैदान पर उतरते देखे हुए. विश्वकप 2019 सेमीफाइनल की हार के बाद लगातार ये बातें उठीं कि अब धोनी फिर से इंडियन टीम के लिए मैदान पर नहीं दिखेंगे.
खैर, धोनी फिर से उतरेंगे या नहीं ये उनसे बेहतर कोई नहीं जानता. लेकिन टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और कॉमेंटेटर संजय मांजरेकर ने धोनी और उनके संन्यास से जुड़ी एक नई बात बताई है.
संजय मांजरेकर को लगता है कि IPL 2020 एमएस धोनी के लिए बेहतरीन होने वाला है. मांजरेकर के मुताबिक यूएई की कंडीशन्स धोनी के लिए एकदम परफेक्ट हैं. साथ ही धोनी ने अपने संन्यास को लेकर उनसे बात की है.
स्टार स्पोर्ट्स के शो इन्साइड स्टोरी में मांजरेकर ने धोनी को लेकर बताया कि विराट कोहली की शादी के बाद रिसेप्शन पार्टी में कुछ वक्त के लिए उनकी धोनी से बातचीत हुई थी. तब उन्होंने अपने संन्यास के बारे में इस पूर्व क्रिकेटर को बताया था. मांजरेकर ने कहा कि
”विराट कोहली की शादी के दौरान, मेरी धोनी से चलते-फिरते बातचीत हुई थी, तब उन्होंने कहा था कि जब तक मैं टीम के सबसे तेज़ दौड़ने वाले खिलाड़ी से तेज़ दौड़ सकता हूं, तब तक मैं खुद को इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने के लिए फिट मानकर चलूंगा.”
उन्होंने आगे बताया कि
”इसलिए बतौर बल्लेबाज़ मैं एमएस धोनी में बहुत ज़्यादा बदलाव महसूस नहीं करता. मैं तो यहां तक कहूंगा कि यूएई की जो कंडीशन्स हैं वो धोनी के लिए एकदम परफेक्ट है.”
एमएस धोनी.
धोनी टीम इंडिया में फिर खेलेंगे या नहीं ये नहीं पता. लेकिन आईपीएल में वो फिर से मैदान पर उतरने वाले हैं. हाल ही में JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के एक अधिकारी ने भी बताया था कि धोनी स्टेडियम में इंडोर में प्रेक्टिस कर रहे हैं. सुरेश रैना ने भी कहा था कि धोनी इस बार आईपीएल में फिर से हेलीकॉप्टर शॉट लगाते दिखेंगे.
वैसे भी धोनी को आईपीएल कितना रास आता है, इसे हर कोई बखूबी जानता है. माही ने आईपीएल में 190 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 42.20 के औसत से 4432 रन बनाए हैं. इसमें 23 हाफ सेंचुरी भी शामिल हैं.
मांजरेकर ने इस पर भी बात की और बताया कि आखिर क्यों माही आईपीएल के बेस्ट मैन हैं. मांजरेकर ने कहा,
”आईपीएल में धोनी के सफल होने का रीज़न ये है कि वो जानते हैं कि यहां पर चार-पांच गेंदबाज़ों को खेलना है. जिनमें से कुछ बहुत अच्छे होंगे और कुछ बहुत अच्छे नहीं होंगे.”
19 सितम्बर से एक बार फिर से आईपीएल शुरू होने वाला है. ऐसे में धोनी पर इस बार सबकी नज़रें टिकीं रहने वाली हैं.