रोहित की मुंबई पर धोनी के धुरंधर भारी, CSK ने 5 विकेट से जीता ओपनिंग मुकाबला

  
Last Updated:  सितम्बर 20, 2020 " 08:59 पूर्वाह्न"

एक नज़र:

  • चेन्नै सुपर किंग्स ने शेख जायद स्टेडियम में खेले गए आईपीएल-13 के पहले मैच में मुंबई इंडियंस को पांच विकेट से हरा दिया
  • मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नै को 163 रनों का लक्ष्य दिया था, चेन्नै ने यह लक्ष्य 19.2 ओवरों में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया
  • अंबाती रायूडू ने 48 गेंदों पर छह चौके और तीन चौके की मदद से 71 रन बनाए, जबकि डु प्लेसिस ने नाबाद 58 रनों की पारी खेली

अबु धाबी:
पिछले साल विश्व कप टीम में नहीं चुने जाने के कारण चर्चा में रहे अंबाती रायुडू की शानदार पारी और फाफ डु प्लेसिस के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से चेन्नै सुपरकिंग्स ने शनिवार को यहां मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस को पांच विकेट से हराकर 13वें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने अभियान का जीत से आगाज किया। रायुडू ने 48 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 71 रन बनाए और फाफ डु प्लेसिस (44 गेंदों पर नाबाद 58, छह चौके) के साथ तीसरे विकेट के लिए 115 रन जोड़कर चेन्नै को खराब शुरुआत से उबारा।

अंतिम क्षणों में सैम करन ने दो छक्कों की मदद से 18 रन बनाए। चेन्नै ने 19.2 ओवरों में पांच विकेट पर 166 रन बनाए। मुंबई ने अंतिम छह ओवरों केवल 41 रन बनाए और इस बीच छह विकेट गंवाए जिससे वह नौ विकेट पर 162 रन तक ही पहुंच पाया। आखिर में उसे यह महंगा पड़ा। उसकी तरफ सौरभ तिवारी (31 गेंदों पर 42, तीन चौके, एक छक्का) और क्विंटन डि कॉक (20 गेंदों पर 33, पांच चौके) ने अहम योगदान दिया।

चेन्नै की शुरुआत रही खराब
चेन्नै ने मुंबई से पिछले चारों मैच गंवाए थे लेकिन इस बार वह अपने चिर प्रतिद्वंद्वी को हराकर शानदार शुरुआत करने में सफल रहा। चेन्नै की शुरुआत बहुत खराब रही और उसने पहले दो ओवर में ही दोनों सलामी बल्लेबाज शेन वॉटसन (चार) और मुरली विजय (एक) का विकेट गंवा दिया। यह आलम तब था जबकि मुंबई ने जसप्रीत बुमराह से गेंदबाजी का आगाज नहीं करवाया था।

रायुडू ने यूं पलट दिया मैच
बुमराह छठा ओवर करने आए और रायुडू ने दो चौकों और एक छक्के से उनका स्वागत करके पावरप्ले में स्कोर दो विकेट पर 37 रन तक पहुंचाया। उन्होंने डु प्लेसिस के साथ कुशलता से पारी संवारी और इस बीच लंबे शॉट लगाने की अपनी कला का भी बखूबी प्रदर्शन किया। मुंबई के दोनों स्पिनरों राहुल चाहर और क्रुणाल पंड्या की उनके सामने एक नहीं चली। इस आईपीएल का पहला अर्धशतक भी रायुडू ने ही लगाया जो टी20 में उनका 26वां अर्धशतक है। रायुडू को 69 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान भी मिला लेकिन इसी ओवर में वह हवा में लहराता हुआ कैच दे बैठे।


डु प्लेसिस का 13वां पचासा
चेन्नै को तब 24 गेंदों पर 42 रन की जरूरत थी। रविंद्र जडेजा (10) भी कुछ खास नहीं कर पाए लेकिन करन (छह गेंदों पर 18) ने क्रुणाल और बुमराह पर छक्के लगाकर चेन्नै का काम आसान कर दिया। डु प्लेसिस ने आईपीएल में अपना 13वां अर्धशतक पूरा किया और फिर विजयी चौका लगाया। इससे पहले चेन्नै के लिए लुंगी एंगिडी ने तीन जबकि दीपक चाहर और रविंद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए जबकि लेग स्पिनर पीयूष चावला और सैम करन ने प्रभावशाली गेंदबाजी की और मुंबई को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया।

 3,177 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *