सांसद डामोर ने जिले में करोड़ों रुपए लागत की प्रधानमंत्री ग्राम सड़कों के निर्माण का भूमि पूजन किया
Last Updated: सितम्बर 6, 2021 " 09:36 अपराह्न"
रतलाम। जिले के भ्रमण पर आए सांसद गुमान सिंह डामोर ने सोमवार को जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत करोड़ों रुपए लागत की 3 सड़कों के निर्माण का भूमिपूजन किया। इस दौरान पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, जिला पंचायत प्रधान परमेश मईडा, डॉ. विजय चारेल, एसडीएम श्रीमती कामिनी ठाकुर, महाप्रबंधक आर.एस. तोमर आदि उपस्थित थे।
सांसद श्री डामोर द्वारा अपने भ्रमण में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बाजना से कुंडल देव का साढे 15 किलोमीटर लंबाई की सड़क का भूमिपूजन किया जिसकी लागत 540.49 लाख रुपए हैं। सड़क निर्माण से 14000 से ज्यादा की जनसंख्या लाभान्वित होगी। इसी प्रकार 524. 55 लाख रूपए लागत की शिवगढ़ से रावटी बाजना रोड प्रधानमंत्री ग्राम सड़क का भूमिपूजन किया जिसकी लंबाई 11 किलोमीटर है। इससे 9752 जनसंख्या लाभान्वित होगी। इसके अलावा बेडदा से बोरदा तक तीन करोड़ 10 लाख रूपए से निर्मित होने वाली सड़क का भूमिपूजन किया।
इस दौरान अपने संबोधन में सांसद श्री डामोर ने कहा कि शासन ग्रामीण क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास के लिए कृत संकल्पित है। स्थान-स्थान पर सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। सड़कों के निर्माण से ग्रामीण विकास में और तेजी आएगी। इसके अलावा विकास के लिए अन्य कई महत्वपूर्ण कार्य भी किए जा रहे हैं। पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल जिला पंचायत प्रधान परमेश मेडा ने भी संबोधित किया।