रतलाम/जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का ग्राम पंचायत किशनगढ़ से हुआ शुभारंभ

  
Last Updated:  अगस्त 7, 2026 " 06:20 अपराह्न"

JanVishwasAbhiyan 2026: जनसंवाद एवं जनसुनवाई में सुनी गईं आमजन की समस्याएं

रतलाम,(स्पष्ट खबर)। जनपद पंचायत आलोट की ग्राम पंचायत किशनगढ़ में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शुभारंभ हुआ। आयोजित शिविर में कलेक्टर अजय कटेसरिया, आलोट विधायक चिंतामणि मालवीय, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जनपद पंचायत अध्यक्ष, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान आम नागरिकों के साथ जनसंवाद आयोजित किया गया तथा जनसुनवाई के माध्यम से विभिन्न समस्याएं सुनी गईं। प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण करने की कार्रवाई की गई। साथ ही युवा उद्यमियों एवं उन्नत किसानों से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी प्राप्त किए गए।

जनसुनवाई में सड़क एवं पुल निर्माण, नाली निर्माण, ग्रामीण सड़कों का निर्माण, विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति, नवीन विद्युत ग्रिड, अतिक्रमण, विद्यालय भवनों की मरम्मत, श्मशान घाट के स्थानांतरण, फसल बीमा सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

आलोट विधायक चिंतामणि मालवीय ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह अभियान केवल सामूहिक समस्याओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नागरिकों की व्यक्तिगत समस्याओं का भी समाधान सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि आगामी पांच माह तक अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर आमजन की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे।

उन्होंने कहा कि शासन से जुड़े प्रत्येक विषय को इस अभियान में शामिल किया गया है। सभी कार्य नियमों के अनुरूप एवं पारदर्शी ढंग से किए जाएं तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर न्याय मिले। यदि किसी कार्य का निराकरण नियमों के कारण संभव न हो, तो संबंधित व्यक्ति को कारण स्पष्ट करते हुए सम्मानपूर्वक अवगत कराया जाए। उन्होंने नल-जल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासनिक कार्यप्रणाली में संवेदनशीलता तथा आलोट क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया।

अभियान के अंतर्गत आयोजित उद्यम संवाद में युवा उद्यमी चंद्रशेखर शर्मा, जितेंद्र सिंह, राहुल जैन एवं मंगलेश पांचाल सहित अन्य उद्यमियों ने अपने-अपने उद्योगों एवं नवाचारों की जानकारी साझा की तथा उद्योगों के विस्तार से जुड़े सुझाव दिए।

इसी क्रम में उन्नत किसान बने सिंह, संजय शर्मा, विशाल जायसवाल सहित अन्य किसानों से संवाद किया गया। किसानों ने जैविक खेती, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के अपने अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने किसानों एवं उद्यमियों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

 78 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *