यूपी में बना इतिहासः गणतंत्र दिवस पर दिखाई गई राम मंदिर मॉडल की झांकी को मिला पहला स्थान

  
Last Updated:  जनवरी 28, 2021 " 10:17 पूर्वाह्न"

राजपथ पर राम मंदिर की झांकी

लखनऊ|
गणतंत्र दिवस के दिन राजपथ पर निकली परेड में इस बार उत्तर प्रदेश की ओर से राम मंदिर मॉडल की झांकी प्रस्तुत की गई थी। इस झांकी को देश की अन्य झांकियों में सबसे अच्छा चुना गया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में इस राम मंदिर मॉडल को प्रथम आने पर पुरस्कार देंगे।

पहली बार यूपी की तरफ से राम मंदिर की प्रतिकृति प्रस्तुत की गई। जैसे ही यह झांकी राजपथ पर गुजरी हर किसी का मन मोह गया। कई लोग खड़े होकर तालियां बजाने लगे तो कई लोग अपनी जगह पर हाथ जोड़कर खड़े हो गए। पीएम मोदी के चेहरे पर भी मंदिर का मॉडल देखकर एक चमक आ गई।

सूचना निदेशक ने दी बधाई
उत्‍तर प्रदेश के सूचना निदेशक शिशिर (IAS) ने यूपी की झांकी को प्रथम पुरस्‍कार मिलने की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘इस वर्ष के गणतंत्र दिवस में उत्तर प्रदेश की भव्य झांकी को प्रथम स्थान पाने का गौरव प्राप्त ,सारी टीम को दिल से बधाई। गीतकार विरेंद्र सिंह को विशेष आभार।’

पहली बार मिला पहला स्थान
सूचना निदेशक ने बताया कि हर किसी ने राम मंदिर मॉडल को पहला स्थान मिलने की बधाई दी। सभी लोगों को धन्यवाद। इस तरह की प्रशंसा से काम करने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने बताया कि यूपी को दो वर्षों से पुरस्कार मिल रहा है। हालांकि पिछली बार दूसरा स्थान मिला था। इस बार पहला स्थान मिला है।

योगी ने भी पोस्ट की थी तस्वीर

राजपथ पर झांकी का जैसे ही आगमन हुआ इसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर छा गई थीं। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी लिरिक्स लिखकर तस्वीर पोस्ट की। ये लिरिक्स वही थे जो मंदिर मॉडल की झांकी के दौरान बज रहे थे। सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘जहां अयोध्या सियाराम की, देती समता का संदेश, कला और संस्कृति की धरती, धन्य-धन्य उत्तर प्रदेश।’

ऐसी रही झांकी
झांकी के सबसे आगे हिस्से में महर्षि वाल्मीकि की एक बड़ी प्रतिमा नजर आई। उनके पीछे मंदिर का मॉडल दिखा। यूपी की झांकी में एक ओर मिट्टी के बने दीये जगमगा रहे थे। ये दीपक अयोध्या के दीपोत्सव के प्रतीक थे। वहीं, अन्य भित्ति चित्रों (वॉल पेंटिंग्स) में भगवान राम द्वारा निषादराज को गले लगाते और शबरी के जूठे बेर खाते, अहल्या का उद्धार, हनुमान द्वारा संजीवनी बूटी लाया जाना, जटायु-राम संवाद, लंका नरेश की अशोक वाटिका और अन्य दृश्यों को दिखाया गया।

 2,345 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *