पन्ना: कोविड संक्रमण रोकने के लिए त्रिस्तरीय पंचायतों को दायित्व सौंपे गए
Last Updated: अप्रैल 7, 2021 " 09:23 अपराह्न"
पन्ना|जिले में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों एवं जिला पंचायतों की भूमिका एवं दायित्वों का निर्धारण किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्र ने संबंधितों को निर्देश दिए है कि सभी संबंधित शासन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का कडाई से निर्वहन करें।
जिले में अन्य राज्यों से लौटने वाले सभी नागरिकों की पूर्ण जानकारी पंजीबद्ध करने के साथ मेडिकल जांच कराई जाए। यदि ऐसे व्यक्ति की जांच नही हुई है इसकी सूचना तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र, जनपद एवं जिला नोडल अधिकारी को दें। बाहर से आए हुए व्यक्ति को क्वारांटाइन के लिए स्कूल, आंगनवाडी आदि के भवनों की व्यवस्था की जाए। सर्दी, जुखाम, खांसी, तेज बुखार के लक्षण होने पर उपचार सुनिश्चित करने के साथ 14 दिनों तक अलग रहने की व्यवस्था बनाएं। स्कूल, आंगनवाडी भवनों में अलग रखे गए लोगों के बिस्तर, वर्तन, खाना, तौलियां, साबुन, पानी आदि की व्यवस्था की जाए। अलग रखे व्यक्तियों के लिए शौचालय, साबुन से हांथ धोने हेतु साबुन व पानी की व्यवस्था करने के साथ परिसर की सफाई सुनिश्चित की जाए।
क्वारटाइन किए गए समस्त व्यक्तियों की जानकारी यथा नाम, पिता का नाम, पता, आधार कार्ड नम्बर, मोबाइल नम्बर आदि ग्राम पंचायत में संधारित किया जाए। ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय के लिए ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, स्वास्थ्य विभाग के ग्राम पंचायत स्तरीय कार्यकर्ता, आशा, आंगनवाडी कार्यकर्ता, शिक्षक आदि की एक समिति ग्राम पंचायत स्तर की समिति गठित कर उपरोक्त निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराएं। इस संबंध में प्रतिदिन की गयी कार्यवाही की जानकारी गुगल सीट पर पंचायत राज संचालनालय को उपलब्ध कराएं एवं राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष में पूर्व संधारित गुगल सीट पर भी पूर्ववत जानकारी दर्ज की जाए।