Ratlam: मैदानी कार्यकर्ता सर्वेक्षण कर टीकाकरण करें : कलेक्टर श्री लाक्षाकार
Last Updated: जनवरी 15, 2024 " 06:56 अपराह्न"
एडल्ट बीसीजी रिवैक्सीनेशन के संबंध में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक संपन्न
रतलाम। एडल्ट बीसीजी रिवैक्सीनेशन के संबंध में कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समिति एवं जिला टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन कलेक्टोरेट सभाकक्ष पर किया गया। कलेक्टर श्री भास्कर लाक्षाकार ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपेक्षित दायित्व अनुसार कार्य पूर्ण करने एवं निर्धारित समयसीमा में सर्वे पूर्ण कर टीकाकरण संपन्न करने के निर्देश दिए। उन्होने स्पष्ट किया कि सभी विभागीय अधिकारी कर्मचारी आपसी समन्वय बनाकर गतिविधि संपादित करेंगे तथा कार्यक्रम की जागरूकता लाने के लिए यथोचित प्रयास किए जावें। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वर्षा कुरील ने बताया कि कार्यक्रम में चिन्हित एवं लक्षित 18 वर्ष से अधिक आयु के हितग्राहियों को टी बी से बचाव हेतु सिंगल डोज के रूप में टीका लगाया जाएगा।
इनको वैक्सीन लगेगा
टीकाकरण के दौरान पिछले 5 वर्ष से टीबी का उपचार करा रहे ऐसे लोग जिनका उपचार पूर्ण हो चुका है, पिछले 5 साल से टीबी मरीज के संपर्क में रहने वाले लोग, जिनका बीएमआई 18 से अधिक हो, स्वयं रिपोर्ट किए गए धुम्रपान करने वाले लोग, स्वयं रिपोर्ट किए गए डायबीटीज के मरीज तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के लोग सहमति पत्र भरकर टीका लगवा सकेंगे।
इनको वैक्सीन नहीं लगेगा
18 वर्ष से कम आयु के लोग, टीका लगवाने के प्रति असहमति रखने वाले व्यक्ति, गंभीर रूप से बीमार बिस्तर पर रहने वाले व्यक्ति, गर्भवती माताऐं, स्तनपान कराने वाली माताऐं, जिनका वर्तमान में टीबी का उपचार चल रहा है, एचआईवी पाजिटीव, कैंसर के मरीज, इम्युनोसप्रेशन लोग, दवाओं के प्रति एलर्जी रखने वाले लोग, प्रत्यारोपण रिसीवर आदि को किसी भी स्थिति में एडल्ट बीसीजी का वैक्सीनेशन नहीं किया जाएगा ।
बैठक के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रजनीश सिन्हा, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री अंकिता पंडया, जिला आयुष अधिकारी डॉ. बलराज चौहान, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वर्षा कुरील, जिला क्षय अधिकारी डॉ. अभिषेक अरोरा, डीपीएम डॉ. अजहर अली, निलेश चौहान, सैयद अली, जयसिंह सिसोदिया, सीडीपीओ सहित विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।