धामनोद नप वर्ष 2024-25 का बजट पेश, में बगैर मौका पंचनामा जांच के नामांतरण नहीं होंगे, लोग करवा रहे फर्जी रजिस्ट्री,
Last Updated: मार्च 8, 2024 " 08:52 पूर्वाह्न"
Ratlam: रतलाम जिले की नगर परिषद धामनोद के साधारण सम्मिलन में वर्ष 2024-25 हेतु बजट की स्वीकृति सहित बैठक की कार्यसूची में विभिन्न 15 कार्यों पर चर्चा कर सभी विषय पर सर्वसहमति से प्रस्ताव पारित किया गया।
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा अजय डिंडोर की अध्यक्षता में आयोजित नगर परिषद की बैठक में वर्ष 2024-25 हेतु बजट पेश किया गया जिसमें अनुमानित आय ₹137353800 अनुमानित व्यय ₹ 136450500 बाकी ₹ 886540 एवं बचत ₹ 16760 का बजट सर्वसहमति से स्वीकृत किया गया।
नामांतरण प्रकरणों पर दिखी नाराजगी-
नगर परिषद की बैठक में नामांतरण प्रकरणों की जांच पर अध्यक्ष एवं पार्षदों ने नाराजगी व्यक्त की जिसमें आरोप हैं की कुछ नामांतरण प्रकरण ऐसे भी आते हैं जिसमें रजिस्ट्री करवाते समय संबंधित व्यक्ति भूमि भूखण्ड, मकान का स्क्वायर फीट अधिक दर्ज करवा रहे है। ऐसे प्रकरणों का अब मौका पंचनामा बनाया जा कर ही नामांतरण किया जावेगा। नगर परिषद में दर्ज भूखण्ड के स्क्वायर फीट से अगर किसी व्यक्ति द्वारा अधिक स्क्वायर फीट की रजिस्ट्री पाई जाती हैं तो रजिस्ट्री खारिज करवाने के साथ ही कार्रवाई की जावेगी।
मेला लगेगा संस्कृतिक आयोजन नहीं होगा-
श्री शीतला माता मंदिर पर प्रतिवर्ष लगने वाले तीन दिवसीय मेला इस वर्ष भी दिनांक 05 से 07 अप्रैल 2024 तक आयोजित किया जावेगा, आगामी दिनों में लोकसभा चुनाव हेतु आदर्श आचार संहिता लगने पर प्रतिवर्ष अनुसार मेला में इस वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं रखने पर सहमति बनी।
वही अन्य विषयों में होली पर गैर का आयोजन नगर परिषद की ओर से नहीं किया जाने पर सहमति हुई। दुकान अंतरण हेतु प्राप्त दरों की स्वीकृति, श्री नरसिंह भगवान मंदिर रोड सीसी रोड दुरुस्त कराने , वार्ड 07 में सीसी रोड दुरुस्त कराने, वार्ड क्र. 12 दीनदयाल नगर पुलिया के पास सीसी रोड मरम्मत, वार्ड 09 हरिजन बस्ती सीसी रोड मरम्मत, श्री गणेश मंदिर रोड वार्ड 09 में सीसी रोड मरम्मत, गांधी चौक में महिला स्नानगृह मरम्मत, आजाद चौक से भैंसासुरी माता मंदिर तक नाली एवं सीसी रोड निर्माण , जल उपभोक्ता प्रभार, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रभार में वृध्दि , कलेक्टर गाइड लाइन के आधार पर सम्पत्तिकर की दरों में वृद्धि , म.प्र नगर पालिका (अचल सम्पत्ति अंतरण) दुकान किराया निर्धारण उक्त सभी विषयों पर सर्वसहमति से प्रस्ताव पारित किया गया। इस अवसर पर नप उपाध्यक्ष ठा. लोकेन्द्रसिंह सिसोदिया, पार्षद गोविंद परिहार, मुकेश चौधरी, जगदीश पाटीदार, ओंकारलाल निनामा, मदनलाल पाटीदार, श्रीमती लीलाबाई दुर्गेश पंवार, सीमा सुरेश कटारा, निलम जितेंद्र सोनी, अल्पना सुरेश मोदी , सांसद प्रतिनिधि शांतिलाल परमार, सीएमओ जगदीश भैरवे, प्रमुख वित्त एवं लेखा लक्ष्मीकांत शर्मा उपस्थित थे।