रतलाम/धामनोद में गौ सम्मान आह्वान अभियान को मिला अभूतपूर्व जनसमर्थन

  
Last Updated:  जुलाई 21, 2026 " 03:17 अपराह्न"


Ratlam:8360 हस्ताक्षर जुटे, 27 जुलाई को कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा प्रार्थना-पत्र

रतलाम,(स्पष्ट खबर)। रतलाम जिले के धामनोद में गौ संरक्षण, संवर्धन और गौ सम्मान को लेकर चलाए जा रहे “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के द्वितीय चरण में जनसमर्थन का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। अभियान के तहत नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से कुल 8360 नागरिकों के हस्ताक्षर एकत्रित किए गए हैं।

अभियान का मुख्य उद्देश्य गौमाता को “राष्ट्रमाता” अथवा “राष्ट्र आराध्या” का संवैधानिक सम्मान दिलाना, देशी गौवंश एवं नंदी बाबा का संरक्षण सुनिश्चित करना तथा संपूर्ण भारत में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है।

अभियान के दौरान गौभक्त कार्यकर्ताओं ने धामनोद नगर सहित आसपास के मंदिरों, विद्यालयों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनसंपर्क किया। नागरिकों को गौ सेवा, गौ संरक्षण और भारतीय संस्कृति में गौमाता के महत्व की जानकारी देते हुए हस्ताक्षर अभियान से जुड़ने का आग्रह किया गया। क्षेत्रवासियों ने भी पूरे उत्साह के साथ अभियान का समर्थन करते हुए बड़ी संख्या में हस्ताक्षर किए।

पहले से कई गुना बढ़ा समर्थन
अभियान का प्रथम चरण 27 अप्रैल को तहसील कार्यालय पर आयोजित किया गया था, जिसमें धामनोद एवं आसपास के क्षेत्रों से अनुमानित 1500 हस्ताक्षर एकत्रित कर प्रार्थना-पत्र सौंपा गया था। अब द्वितीय चरण में जनसमर्थन कई गुना बढ़ते हुए 8360 हस्ताक्षरों तक पहुंच गया है।

27 जुलाई को होगा सामूहिक निवेदन
अभियान के तहत 27 जुलाई 2026 को रतलाम कलेक्टर कार्यालय में माननीय कलेक्टर महोदय के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना-पत्र सौंपा जाएगा। इसी दिन देशभर के 780 जिला मुख्यालयों पर भी इसी मांग को लेकर प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।

आयोजकों का लक्ष्य देशभर से 40 करोड़ हस्ताक्षर एकत्रित कर गौमाता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने के लिए लोकतांत्रिक एवं अहिंसक तरीके से जनभावना सरकार तक पहुंचाना है।

प्रमुख मांगें
1.संपूर्ण भारत में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध
2.गौमाता को “राष्ट्रमाता” अथवा “राष्ट्र आराध्या” का संवैधानिक दर्जा
3.केंद्र में “गौ सेवा मंत्रालय” की स्थापना
4.”गोचर बोर्ड” का गठन एवं “चारा सुरक्षा नीति”
5.गौ आधारित कृषि को बढ़ावा एवं पंचगव्य उत्पादों के निर्माण व विपणन को प्रोत्साहन

धामनोद के समस्त गौभक्त कार्यकर्ताओं ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे 27 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में रतलाम जिला मुख्यालय पहुंचकर “गौ सम्मान आह्वान अभियान” में सहभागिता करें। अभियान के प्रति क्षेत्र में उमड़ा जनसमर्थन यह दर्शाता है कि समाज में गौमाता के प्रति आस्था, सम्मान और संरक्षण की भावना आज भी अत्यंत मजबूत है।

 88 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *