रतलाम/बेदखली के नोटिस से भड़के पीएम आवास के रहवासी, कैबिनेट मंत्री के निवास का किया घेराव
Last Updated: अगस्त 1, 2026 " 04:51 अपराह्न"
रतलाम,(स्पष्ट खबर)। डोसी गांव स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनी ईडब्ल्यूएस मल्टी के 208 रहवासियों को बकाया राशि जमा नहीं करने पर मिले बेदखली के नोटिस के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित रहवासी अपनी समस्याएं बताने कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप के स्टेशन रोड स्थित निवास पहुंचे और सड़क पर बैठकर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की।
क्या है पूरा मामला नगर निगम की टीम शुक्रवार को डोसी गांव स्थित पीएम आवास परिसर में बकाया राशि जमा कराने के नोटिस चस्पा करने पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान रहवासियों और निगम कर्मचारियों के बीच तीखी बहस हो गई जो देखते ही देखते पथराव और मारपीट में बदल गई। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुए।
नगर निगम ने सभी 208 हितग्राहियों को 3 दिन का अल्टीमेटम दिया है। निगम के अनुसार 4 अगस्त तक राशि जमा नहीं करने पर नियमानुसार फ्लैट खाली कराने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री निवास के बाहर प्रदर्शन नोटिस और सख्त कार्रवाई से नाराज रहवासी शनिवार सुबह मंत्री निवास पहुंच गए। उन्होंने मांग की कि बकाया राशि के नोटिस तुरंत वापस लिए जाएं और बेदखली की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि निगम लगातार फ्लैट खाली कराने की चेतावनी दे रहा है, जबकि उनकी समस्याओं का समाधान पहले किया जाना चाहिए।
पुलिस-प्रशासन ने की समझाइश प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने रहवासियों से चर्चा कर समझाया कि सड़क पर बैठने से समस्या का हल नहीं निकलेगा। पुलिस ने बताया कि डोसी स्थित ईडब्ल्यूएस मल्टी परिसर में नगर निगम द्वारा विशेष शिविर लगाया गया है, जहां अधिकारी उनकी शिकायतें सुनेंगे। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक वहां से लौट गए।
निगम आयुक्त ने लिया जायजा रहवासियों की समस्याओं के समाधान और आवंटन राशि जमा कराने के लिए डोसी परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर निगम आयुक्त अनिल भाना निगम के इंजीनियरों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। शिविर में बकाया राशि, दस्तावेज और अन्य शिकायतों को लेकर सुनवाई की गई।अब सबकी नजर 4 अगस्त की डेडलाइन और शिविर में निकले समाधान पर टिकी है।