मुसीबत की घड़ी में संबल ने सहारा दिया प्रहलाद पाटीदार को
Last Updated: जुलाई 8, 2020 " 10:07 अपराह्न"
खुशियों की दास्तान
रतलाम : 08 जुलाई 2020(स्पष्ट खबर)| मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा गरीब परेशान लोगों की मदद के लिए बनाई गई संबल योजना रतलाम जिले में भी मुसीबत में फंसे लोगों के लिए बड़ा सहारा बनी है। मुसीबत में फंसे लोगों को योजना से मदद मिली है। पिछले दिनों प्रहलाद पाटीदार को भी आड़े वक्त में संबल योजना ने संभाला है। प्रहलाद को संबल योजना से 2 लाख रूपए की मदद राज्य शासन ने दी। धामनोद के रहवासी 38 वर्षीय प्रहलाद पाटीदार की माताजी का विगत अप्रैल में देहावसान हो गया था। उनकी मां का संबल योजना लागू होने के प्रारंभ में पंजीयन करवाया गया था। विगत कई दिनों से बीमार रहने के बाद उनकी मां श्रीमती रामूबाई की मृत्यु हो गई। घर की आर्थिक स्थिति खराब थी, पिता पहले ही गुजर गए थे। प्रहलाद के पास थोड़ी सी मात्रा में भूमि है जिस पर वह खेती करते हैं, गुजारा मुश्किल से होता है। मां की बीमारी में भी पैसा खर्च हुआ, घर के दूसरे खर्चों के चलते प्रहलाद संकट से जूझ रहे थे। इस स्थिति में राज्य शासन की संबल योजना ने उन्हें सहारा दिया। योजना के तहत 2 लाख रुपए की राशि शासन द्वारा उनके बैंक खाते में डाली गई, इससे प्रहलाद की मुश्किलें आसान हो गई। जरूरी खर्चों के लिए राशि मिली, खेती के लिए पैसों का इंतजाम हुआ। प्रहलाद के माथे से चिंता की लकीरें मिटी।