कृषि विभाग खाद बीज पेस्टिसाइड नमूने लेने के लिए कार्रवाई तेज करें
Last Updated: जुलाई 7, 2020 " 12:26 पूर्वाह्न"
कलेक्टर ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
रतलाम:06 जुलाई 2020(स्पष्ट खबर)| कृषि विभाग किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज, आदान सुनिश्चित करें। जिले में दुकानों पर निरीक्षण में तेजी लाई जाए, अधिकाधिक खाद, बीज, पेस्टिसाइड नमूने लक्ष्य अनुसार लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला को भिजवाई जाए। यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उपसंचालक कृषि को दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप केरकेट्टा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने वनाधिकार अधिनियम की समीक्षा करते हुए एसडीएम सैलाना को निर्देश दिए कि सत्यापन कार्रवाई में तेजी लाई जाए, पोर्टल पर कार्रवाई दिखनी चाहिए। वर्षा के मद्देनजर सड़क निर्माण विभागों को निर्देशित किया कि पूर्व में दिए गए निर्देश अनुसार पुल, पुलिया पर ड्रॉप गेट लगाने का कार्य पूर्ण करके लोकेशन के फोटो व्हाट्सएप पर भेजें। लोक निर्माण विभाग ने बताया कि उनके द्वारा 38 ड्राप गेट लगाई जाना है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग ने बताया कि वह 33 ड्रॉप गेट लगाएंगे। मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के अधिकारी ने बताया कि उनके लिए चिन्हित पुल-पुलिया पर ड्रॉप गेट लगा दिए गए है। रोजगार सेतु पोर्टल के माध्यम से मजदूरों को अधिकाधिक रोजगार दिलाने के लिए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि श्रम विभाग के इस्पेक्टर शहरी नियोक्ताओं से संपर्क करके उनका पंजीयन पोर्टल पर करवाएं। पोर्टल पर जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत भी अपना पंजीयन नियोक्ता के रूप में करवाएगी, साथ ही स्पर्श पोर्टल पर भी दिव्यांग प्रमाण पत्र अपलोड करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। बैठक में जिले के सैलाना, जावरा, आलोट एसडीएम, बीसी के माध्यम से कनेक्ट रहे आलोट एसडीएम ने बताया कि आलोट में कृषि विभाग के एसएडीओ श्री डीपीएस तोमर अपने मुख्यालय पर नहीं रह रहे हैं जबकि पंचेड़ कृषि फार्म उनके पास अतिरिक्त चार्ज में है लेकिन वह कृषि फार्म पर ही रह रहे हैं, आलोट नहीं आते। इस पर कलेक्टर ने सख्ती से उपसंचालक कृषि को निर्देशित किया कि वह श्री तोमर को आलोट में नियमित कार्य करने के लिए निर्देशित करें अन्यथा उपसंचालक एवं श्री तोमर दोनों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी