रतलाम में उत्साहपूर्वक मना अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, पोलो ग्राउंड में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
Last Updated: जून 21, 2026 " 05:22 अपराह्न"
Ratlam:उत्साहपूर्वक मना अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, पोलो ग्राउंड में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
रतलाम, 21जून(स्पष्ट खबर)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पोलो ग्राउंड में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल सहित जिले के आला अधिकारी व जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
प्रातः आयोजित कार्यक्रम में सभी अतिथियों और नागरिकों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षक आशा दुबे एवं मुकेश राठौर ने विभिन्न योगासन व प्राणायाम का प्रदर्शन कराते हुए प्रतिभागियों से अभ्यास कराया। इस दौरान कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर स्थापित कर भारत की सांस्कृतिक विरासत को विश्व में गौरवान्वित किया है। योग शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के साथ आध्यात्म को भी सशक्त करता है, इसलिए इसे प्रतिदिन की दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।”
महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि योग से स्वस्थ और सशक्त युवा पीढ़ी का निर्माण होगा जो राष्ट्र को मजबूत बनाएगी। विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल ने कहा कि योग स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ मस्तिष्क भी देता है। उपाध्यक्ष प्रवीण सोनी ने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों को साइकिल एवं हेलमेट का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर मिशा सिंह, एसपी अमित कुमार, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, निगमायुक्त अनिल भाना, एसडीएम तरुण जैन, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, नायब तहसीलदार प्रीति साठे, आयुष विभाग से डॉ. आशीष राठौड़, पीओ डूडा अरुण कुमार पाठक, डॉ. मनीष सिंह, बी.के. पाटीदार सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका विनीता ओझा एवं शिक्षक रवि उपाध्याय ने किया।