रतलाम/माही नदी परियोजना से 630 गांवों को मिलेगा पेयजल : कलेक्टर श्री कटेसरिया
Last Updated: अगस्त 14, 2026 " 05:38 अपराह्न"
Ratlam:कलेक्टर ने माही नदी पेयजल परियोजना का किया निरीक्षण, वर्ष 2027 के अंत तक पूर्ण होने की संभावना
रतलाम,(स्पष्ट खबर)।मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जल निगम के अधिकारियों के साथ झाबुआ जिले की सीमा पर माही नदी आधारित पेयजल परियोजना का निरीक्षण किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से माही नदी से पानी लाकर रतलाम जिले के 630 गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परियोजना के इंटेक वेल, फिल्टर प्लांट एवं अन्य निर्माण कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों से कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष रूप से अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Ad
कलेक्टर अजय कटेसरिया ने बताया कि लगभग 1700 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रही यह परियोजना वर्ष 2027 के अंत तक पूर्ण होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य परियोजना में आ रही चुनौतियों की जानकारी लेकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके और निर्धारित समय में ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
Ad
कलेक्टर ने कहा कि यह परियोजना रतलाम जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके पूर्ण होने पर जिले के 630 गांवों के हजारों ग्रामीणों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे उनकी पेयजल संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, सैलाना एसडीएम उपस्थित रहे।