मुख्यमंत्री श्री चौहान ने डॉक्टर्स डे पर किया डॉक्टरों से संवाद और उनका सम्मान
भोपाल| मुख्यमंत्री श्री Shivraj Singh Chouhan ने कहा है कि कोरोना के संकट काल में डॉक्टर साथियों द्वारा की गई त्याग,तपस्या, सेवा और समर्पण के परिणाम स्वरूप डॉक्टरों के लिए जन-जन में यह भाव विकसित हुआ कि “तुम रक्षक काहू को डरना”। यह डॉक्टर्स के निरंतर परिश्रम का ही परिणाम था कि कोरोना की विकट परिस्थितियों में डॉक्टर की उपस्थिति से लोग “संकट कटे, हरे सब पीड़ा” का अनुभव करने लगते थे। मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण डॉक्टर्स और पेरामेडिकल स्टाफ के प्रयासों के परिणाम स्वरूप ही संभव हो पाया। आज डॉक्टर्स डे के अवसर पर प्रदेशवासियों की ओर से मैं डॉक्टर्स का आभार मानता हूँ और उनका अभिन्नदन करता हूँ। मुख्यमंत्री श्री चौहान डॉक्टर्स डे पर आयोजित संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा प्रमाण पत्र वितरित
मिंटो हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने चिकित्सकों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। कोरोना काल में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों को मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा डिजिटल प्रमाण पत्र भी वितरित किए गये। कार्यक्रम से प्रदेश के सभी शासकीय और अशासकीय मेडिकल कॉलेज तथा हॉस्पिटल के चिकित्सक ऑनलाइन जुड़े थे। कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग तथा लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ प्रभु राम चौधरी सहित वरिष्ठ चिकित्सक डॉ.एन. पी. मिश्रा तथा डॉ एच. एस. त्रिवेदी उपस्थित थे। कार्यक्रम मध्यप्रदेश के गान से आरंभ हुआ। इससे पहले मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मिंटो हाल परिसर में डॉक्टर्स डे के अवसर पर पीपल का पौधा लगाया।
प्राणों की आहूति देने वाले डॉक्टर्स का किया स्मरण

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोरोना महामारी के कठिन समय में अपनी असीमित सेवाओं और कर्तव्यपरायणता से मानवसेवा करते हुए अपने प्राणों की आहूति देने वाले डॉक्टर्स का स्मरण करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने डॉक्टर बिधान चन्द्र राय का भी स्मरण किया। डॉ.राय के जन्म दिवस पर ही 01 जुलाई को डॉक्टर्स डे मनाया जाता है।
शासकीय स्वास्थ संस्थाओं पर लोगों का विश्वास कई गुना बढ़ा
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना काल में शासकीय स्वास्थ संस्थाओं पर लोगों का विश्वास कई गुना बढ़ा है। कोरोना संक्रमण का सामना करने में शासकीय के साथ साथ निजी अस्पतालों का भी बहुत सहयोग रहा। राज्य शासन द्वारा निजी अस्पतालों के लिए कोरोना इलाज की विशेष दरें निर्धारित की गईं। जिससे बड़ी संख्या में आयुष्मान भारत योजना का लाभ लोगों को मिला। आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के क्रम में स्वास्थ अधोसंरचना को सशक्त करने के लिए कार्य जारी है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है। प्रदेश को तीसरी लहर का सामना करने के लिए तैयार रहना है। राज्य शासन इस ओर निरंतर सक्रिय है। आयुर्वेद, होमियोपैथी और योग को जोड़ते हुए लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करना होगा।
टीकाकरण के लिए लोगों को प्रेरित करें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिस प्रकार डॉक्टर साथियों ने कोरोना संक्रमण नियंत्रण में भूमिका निभाई है उसी प्रकार टीकाकरण के लिए लोगों को प्रेरित करने में भी आपसे सहयोग की अपेक्षा है। टीकाकरण के संबंध में व्याप्त भ्रम और भय दूर करने में डॉक्टरों का जन सामान्य से संवाद महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने डॉक्टरों से सोशल मीडिया पर इस संबंध में लोगों में जागरूकता फैलाने की अपील की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना संक्रमण अभी गया नहीं है। इंग्लैंड और अन्य कुछ देशों में पुन: लॉकडाउन की स्थिति निर्मित हो रही है। इस परिस्थिति में प्रदेशवासियों को कोरोना अनुकूल व्यवहार का पालन करने के लिए प्रेरित करना होगा। इस में प्रदेश के सभी डाक्टर हर संभव सहयोग प्रदान करें।
” आपने हर चुनौति को किया स्वीकार- आपकी आभारी है मध्यप्रदेश सरकार”
चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग ने कहा कि डॉक्टरों का सेवा भाव, मानवता के प्रति लगन हमें डॉक्टरों के प्रति कृतज्ञ बनाती है। राज्य सरकार के आभार के भाव को व्यक्त करते हुए मंत्री श्री सारंग ने कहा कि ” आपने हर चुनौति को किया स्वीकार- आपकी आभारी है मध्यप्रदेश सरकार”। लोकस्वास्थ एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा एक डॉक्टर को स्वास्थ विभाग का मंत्री बनाना डॉक्टरों का सम्मान है। मुख्यमंत्री श्री चौहान की नेतृत्व क्षमता,कर्मठता और स्पष्ट रणनीति के परिणाम स्वरूप ही प्रदेश में कम समय में कोरोना पर नियंत्रण संभव हो पाया। कार्यक्रम को डॉ.हरिहर त्रिवेदी और डॉ. अपूर्व पौराणिक ने भी संबोधित किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किया डॉक्टर्स को सम्मानित

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने चिकित्सा सेवा और सामाजिक दायित्वों के निर्वाहन के लिए डॉ.एम. पी. मिश्रा, डॉ एच. एस. त्रिवेदी, डॉ निर्भय श्रीवास्तव, डॉ संजय दीक्षित, डॉ अनूप निगम, डा योगेन्द्र श्रीवास्तव, डॉ सत्पती,डॉ ललित श्रीवास्तव आदि का सम्मान किया।
443 total views
















