मुरैना जिले में दो जगह फायरिंग-आगजनी, जौरा में मतदान रोकने की कोशिश; 3 बजे तक 55.31% वोटिंग

  
Last Updated:  नवम्बर 3, 2020 " 04:05 अपराह्न"

मध्य प्रदेश के 19 जिलों के 28 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। दोपहर 3 बजे तक 55.31% वोटिंग हो चुकी थी, सबसे कम वोटिंग ग्वालियर ईस्ट में 35.23 प्रतिशत रही। बदनावर में 3 बजे तक सबसे ज्यादा 72.36 प्रतिशत वोट डले। वोटिंग का समय शाम 6 बजे तक है। सबसे ज्यादा मतदान सुवासरा सीट पर 56% हुआ है। मुरैना जिले में सुमावली विधानसभा सीट के कासपुरा और खनेता गांव में फायरिंग की घटना हुई। इसमें एक महिला को गोली लगी। यहां दो बाइक भी जलाई गईं। जौरा में बाहुबलियों ने मतदान रोकने की कोशिश की। इसकी शिकायत की गई है।

इधर, मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री गोपाल भार्गव पर आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज हुआ है। बीती रात वह सुरखी सीट के बाजना में मतदाताओं के साथ बैठक कर रहे थे। शिकायत के बाद उनपर केस दर्ज हुआ है। इससे पहले कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर EVM से वोटिंग करवाने पर सवाल उठाए। शिवराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस पहले ही हार की भूमिका बनाने लगी है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार तोमर ने बताया कि उपचुनाव में 3 नवंबर को कुल 9 हजार 361 केंद्रों पर वोटिंग हो रही है। 10 नवंबर को विधानसभा क्षेत्र/जिला मुख्यालय पर काउंटिंग होगी। कुल 355 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान के लिए 13 हजार 115 बैलट यूनिट, 13 हजार 115 कंट्रोल यूनिट और 14 हजार 50 वीवीपैट हैं।

एक नज़र में

  • ग्वालियर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता के बीच बहस हुई। यहां माल रोड स्थित मतदान केंद्र पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर वोट डालने पहुंचे थे। तभी कांग्रेस प्रत्याशी सतीश सिकरवार भी पहुंच गए।
  • गुना में बीजेपी जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिकरवार समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज। बमोरी विधानसभा में मतदाता नहीं होने के बावजूद भी घूम रहे थे।
  • मुरैना जिले की जौरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी पंकज उपाध्याय की डायरी पुलिस ने जब्त की है। आरोप है कि डायरी में ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं से लाखों रुपए लेन-देन का हिसाब है। पुलिस ने डायरी अलापुर गांव में स्थित एक मकान से जब्त की। पुलिस को देख लोग भागने लगे। SP अनुराग सुजानिया का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
  • सांवेर में इंडेक्स कालेज स्थित मतदान केंद्र पर एक फर्जी मतदाता पकड़ा गया। कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू की अधिकारियों से बहस हुई। मीडिया कवरेज पर रोक लगाई।
  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से वोटिंग की अपील करते हुए कहा, “वोटिंग से लोकतंत्र मजबूत होता है। आपकी उम्मीदें पूरी करने वाली सरकार चुनने के लिए आप सभी को वोट जरूर डालना चाहिए। घरों से निकलिए और वोटिंग कीजिए। हमें मिलकर मध्य प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाना है।
  • सांवेर की तलावली चांदा बूथ पर कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। कांग्रेसियों का आरोप है कि बीजेपी के कार्यकर्ता मतदाताओं पर उनके पक्ष में वोट करने के लिए दबाव बना रहे हैं।
  • डबरा में एक पोलिंग केंद्र पर करीब पौन घंटे तक मशीन खराब रही। इसके चलते देर से वोटिंग शुरू हुई।​​​​​​
  • मुरैना के सुमावली सीट के जतावर पोलिंग बूथ पर फायरिंग हुई। मतदान रोका गया। एक युवक को गोली लगी। मामले में 4 लोग गिरफ्तार हो गए हैं। इनसे हथियार भी बरामद भी किया है।
  • केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने अपनी पत्नी के साथ मतदान करने पहुंचे।
  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह को उपचुनावों में कांग्रेस की हार की भूमिका बनाना शुरू कर दिया है।
महिला पोलिंग बूथ पर वोटर सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है, ताकि लोग बढ़-चढ़कर वोटिंग में हिस्सा लें।
पोलिंग बूथ पर वोटर सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है, ताकि लोग बढ़-चढ़कर वोटिंग में हिस्सा लें।

कोविड मरीज अंतिम एक घंटे में डाल सकेंगे वोट 
निर्वाचन आयोग ने कोरोना के मद्देनजर खास इंतजाम किए हैं। कोविड-19 से सुरक्षित मतदान के लिए केंद्रों पर मास्क, सैनिटाइजर, साबुन, पानी, तापमान की जांच व्यवस्था के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा जाएगा। इसके साथ ही मतदान का समय एक घंटे बढ़ाया गया है। मतदान केंद्रों पर अधिक भीड़ नहीं हो, इसके लिए सहायक मतदान केंद्रों की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए 6 फुट की दूरी पर गोले बनाए गए हैं। कोविड संदिग्ध या क्वॉरैंटाइन वोटर मतदान केंद्र के अंदर एक बार में एक ही वोटर जाएगा।

केंद्रों में कोविड से बचाव की पूरी तैयारी 
मतदाताओं में कोविड-19 का भ्रम दूर करने के लिए मतदान केंद्रों पर कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है। मतदान केंद्र का आवश्यक सैनिटाइजेशन कराया गया है। मतदान कर्मियों को पीपीई किट प्रदान की गई है। यदि टेम्परेचर दो बार मापने पर भी ज्यादा होता है, तो निर्वाचक को कोविड-19 की गाइडलाइन के तहत उस वोटर को आखिरी घंटे में वोट डालने दिया जाएगा।

 1,832 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *