भोपाल। मध्य प्रदेश के गुना जिले में पदस्थ जनसंपर्क अधिकारी केपी दांगी की रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई। श्री दांगी भोपाल से गुना वापस लौट रहे थे। दुर्घटना बीनागंज के पास बताई गई है। उन्हें ब्यावरा के अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया है।
प्राथमिक जानकारी मिली है कि जनसंपर्क संचालनालय भोपाल की तरफ से गुना जिले में पदस्थ किए गए जनसंपर्क अधिकारी केपी सिंह भोपाल के बैरसिया में एक विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। शादी अटेंड करने के बाद श्री दांगी वापस गुना जा रहे थे। उसी समय गुना पहुंचने से पहले वह दुर्घटना का शिकार हो गए।
SDOP मुनीष राजौरिया के अनुसार वह खुद कार चलाकर ला रहे थे। उनकी कार डिवाइडर से टकराकर पलटी खा गयी। घटना में केपी दांगी (58) की मौत हो गयी। वाहन कुछ गुलाटें खाकर डिवाईडर से टकराई। बीनागंज पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। वह कार में बुरी तरह फंसे हुए थे। पुलिस ने बमुश्किल उन्हें बाहर निकाला। पुलिस उन्हें राजगढ़ जिले के ब्यावरा अस्पताल ले गयी जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जनसम्पर्क अधिकारी श्री दांगी के निधन पर शोक व्यक्त जनसम्पर्क संचालनालय में हुई शोक सभा
प्रमुख सचिव जनसम्पर्क श्री शिव शेखर शुक्ला, आयुक्त जनसम्पर्क डॉ. सुदाम खाड़े और संचालक जनसम्पर्क श्री आशुतोष प्रताप सिंह ने सहायक जनसम्पर्क अधिकारी श्री के.पी.दांगी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
प्रमुख सचिव जनसम्पर्क श्री शुक्ला ने कहा कि विभाग ने एक कुशल अधिकारी को असमय खो दिया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिवार को यह आघात सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। आयुक्त जनसम्पर्क डॉ. सुदाम खाड़े ने कहा कि श्री दांगी एक होनहार जनसम्पर्क अधिकारी रहे। उन्होंने अपने सफल कार्य काल में अच्छे कार्यों से विभाग की छवि बनायी। संचालक जनसम्पर्क श्री सिंह ने कहा कि श्री दांगी एक कर्त्तव्यनिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी थे। आयुक्त एवं संचालक ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
संचालनालय में हुई शोक सभा
सहायक जनसम्पर्क अधिकारी श्री के.पी. दांगी की आज सुबह राजगढ़ जिले के ब्यावरा के पास सड़क दुर्घटना में निधन हो जाने पर जनसम्पर्क संचालनालय में शोक सभा आयोजित की गई। अपर संचालक श्री सुरेश गुप्ता ने कहा कि श्री दांगी एक कर्त्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे। उन्होंने जनसम्पर्क विभाग में अपनी सेवाएँ वर्ष 1992 में सहायक सूचना अघिकारी के रूप में शुरू की थी। वर्तमान में वे जिला जनसम्पर्क कार्यालय गुना में सहायक जनसम्पर्क अधिकारी के रूप में पदस्थ थे। लगभग 30 वर्ष की शासकीय सेवा में उन्होंने एक सफल जनसम्पर्क अधिकारी के रूप में स्वयं की और विभाग की छवि बनायी। अपर सचिव डॉ. एच.एल. चौधरी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
शोक सभा में संचालनालय के सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिवार को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना कर दो मिनट का मौन भी रखा।