इंदौर सेंट्रल जेल में प्रहरी सहित 8 कोरोना पॉजिटिव
Last Updated: अप्रैल 24, 2020 " 03:11 अपराह्न"
इंदौर : केंद्रीय जेल के अधीक्षक राकेश कुमार भांगरे ने शुक्रवार को कहा, ‘अब तक जेल में 29 वर्षीय प्रहरी और सात कैदियों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। ये सभी लोग शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। जेल में कोरोना संक्रमण का पहला मामला 14 अप्रैल को सामने आया, जब 58 वर्षीय कैदी जांच में इस महामारी से संक्रमित पाया गया था। भांगरे ने कहा, हमें संदेह है कि जेल के अन्य लोग इस विचाराधीन कैदी के संपर्क में आने के कारण कोरोना वायरस से संक्रमित हुए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 58 वर्षीय व्यक्ति और उसका 25 साल का बेटा शहर के चंदन नगर में सात अप्रैल को कर्फ्यू ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस आरक्षक पर पथराव के आरोपियों में शामिल था। पुलिस ने 25 वर्षीय आरोपी को तीन अन्य लोगों के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत जबलपुर में जेल भेज दिया था, जबकि उसके पिता को भारतीय दंड विधान की धारा 147 (बलवा) और अन्य संबद्ध प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर इंदौर स्थित केंद्रीय जेल में रखा गया था। इंदौर स्थित केंद्रीय जेल के अधीक्षक ने बताया, ‘जबलपुर में कराई गई जांच में 25 वर्षीय आरोपी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। हमें 11 अप्रैल को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, हमने अपने जेल में बंद उसके पिता को तुरंत एक अस्पताल में भर्ती कराते हुए उसकी जांच कराई थी। 14 अप्रैल को आई रिपोर्ट में वह भी संक्रमित पाया गया था।’ भांगरे ने बताया कि 29 वर्षीय प्रहरी जेल का पहला और अब तक इकलौता कर्मचारी है जो कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। जेल के 27 अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की इस महामारी की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।