रतलाम:04 जून 2020(स्पष्ट खबर)| खरीफ 2020 में रतलाम जिले में खरीफ फसलों का रकबा 3 लाख 16 हजार 820 हेक्टेयर प्रस्तावित किया गया है। बीज वितरण का लक्ष्य 1 लाख 3 हजार 850 क्विंटल प्रस्तावित है। खरीफ में उर्वरक वितरण सहकारी एवं निजी क्षेत्र कुल 65 हजार 300 टन का लक्ष्य प्रस्तावित किया गया है। उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि जिले में सोयाबीन बीज की उपलब्धता कम है, जो किसान भाई अपने घरु बीज का उपयोग कर रहे हैं वे किसान अपने बीज की साफ-सफाई कर लें एवं कटे-फटे दानों को अलग-अलग करने के लिए स्पाइरल ग्रेडर से ग्रेडिंग करके बोनी के पूर्व अंकुरण परीक्षण ज्ञात कर लें। उपलब्ध सोयाबीन बीज का अंकुरण परीक्षण (न्यूनतम 70 प्रतिशत) सुनिश्चित करें। किसान भाई बीज अंकुरण परीक्षण के लिए टाट विधि से 100 दाने गिनकर गीले टाट में रखकर रात भर टाट में भिगोकर रखे व सुबह 7.00 बजे खोलकर देखेंगे तो 100 दानों में से जितने में अंकुरण हो, उन्हें गिन ले। अगर 70 दानों से अधिक का अंकुरण होता है तो वह बीज बुआई के लिए उपयुक्त रहेगा। वर्षा के आगमन पश्चात सोयाबीन की बोवनी हेतु मध्य जून से जुलाई के प्रथम सप्ताह का समय उपयुक्त है। नियमित मानसून के पश्चात लगभग 4 इंच वर्षा होने के बाद ही बुआई करना उचित होता है। मानसून पूर्व वर्षा के आधार पर बोवनी करने से सूखे का लम्बा अंतराल रहने पर फसल को नुकसान हो सकता है, इसलिए पर्याप्त वर्षा होने के बाद ही बुआई करे।