Ratlam: जगमोहन राठौड़ का निधन, प्रेस क्लब सैलाना ने दी नम आंखों से अंतिम विदाई
Last Updated: दिसम्बर 7, 2025 " 10:38 अपराह्न"
रतलाम/सैलाना (स्पष्ट ख़बर)। सैलाना प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार साप्ताहिक वनवासी पुकार के प्रधान संपादक जगमोहन राठौड़ का गत रात्रि इन्दौर के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। 75 वर्षीय श्री राठौड़ जनसंघ के समय से राजनीति में सक्रिय थे। सैलाना में पत्रकारिता जगत के वे भीष्म पितामाह कहें जातें थे।
1977 में आपातकाल के बाद राठौड़ ने अपने अनुज एडवोकेट कांतिलाल राठौड़ के साथ मिल कर जनसूत्र नाम का साप्ताहिक अखबार निकाला। बाद में 1979 में उक्त अखबार का नाम परिवर्तन कर वनवासी पुकार कर किया गया। अखबार कुछ माह पूर्व ही बन्द हुआ। स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते अखबार की व्यवस्था नहीं देख पाने के कारण अखबार उन्हें बन्द करना पड़ा। इन्दौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार के भी वे वर्षों तक क्षेत्रीय संवाददाता रहे। साप्ताहिक समाचारपत्र संचालक संघ में भी श्री राठौड़ विभिन्न पदों पर रहे।।
कई नेताओं के साथ उनका जीवंत सम्पर्क था । प्रदेश के अनेक बड़े राजनेताओं से उनका जीवंत सम्पर्क था। राजनीति और पत्रकारिता में होने के कारण सम्पर्क के साथ ही बड़े नेताओं के साक्षात्कार भी आपने लिए और अखबारों में छापे। अनेक बड़े लोगों से नजदीकी के वावजूद राठौड़ ने कभी व्यक्तिगत तौर पर इस बात का लाभ नहीं उठाया। वे जीवन भर सहज,सरल और मिलनसार बने रहे। बैर तो उनका किसी से था ही नहीं। इसी कारण विरोधी पार्टी कांग्रेस के नेताओं से भी राठौड़ के रिश्ते अच्छे थे। 2014 से 2024 तक राठौड़ दस साल सैलाना प्रेस क्लब के अध्यक्ष भी रहे। शनिवार रात ही श्री राठौड़ का शव इन्दौर से सैलाना लाया गया।उनके निधन की खबर मिलते ही सैलाना में शोक की लहर दौड़ गई। अनेक लोगों ने उनके निवास पर पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त की। राठौड़ की अंतिम यात्रा दोपहर साढ़े बारह बजे उनके निज निवास से निकली।
बस स्टैंड पर नगर परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, महेंद्र शुक्ला, जीतेंद्र सिंह राठौड़, मंगलेश कसेरा आदि ने शाल ओढ़ा कर और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसी प्रकार प्रेस क्लब की ओर से भी अध्यक्ष सुरेश मालवीय, विमल कटारिया, वीरेंद्र त्रिवेदी, विमल मांडोत, कैलाश परिहार, कृष्णा राठौर पायल संजय शर्मा, मनोज भण्डारी, नंदलाल बैरागी, सुनिल सिंह परिहार आदि ने शाल ओढ़ा कर और पुष्पमाला अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की। शोक सभा हुई– शांतिवन पर आयोजित शोकसभा में नगर परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ला, बसंतीलाल संघवी, विजय डोशी, जगदीश पाटीदार, महेंद्र शुक्ला, अशोक चंडालिया, विमल मांडोत,हनी गेहलोत, दिनेश सोनी, सुनीलराज शर्मा, भूपेंद्र जायसवाल, डॉक्टर ओ पी जोशी, जीतेंद्र सिंह राठौड़, विमल कटारिया, संजय शर्मा आदि ने श्रद्धांजलि देते हुए राठौड़ के कार्यों पर प्रकाश डाला। संचालन संजय रांका ने किया। मुखाग्नि पुत्र दीपेश ने दी।