रतलाम/ योग स्वप्न अब विराट स्वरूप ले रहा है-महापौर प्रहलाद पटेल योगमय रतलाम की ओर बढ़ते कदम पार्षदों एवं योग प्रशिक्षकों का सेवा सम्मान
Last Updated: जून 20, 2026 " 04:35 अपराह्न"
Ratlam: “योगयुक्त एवं नशामुक्त हो अपना नगर, घर और आंगन” का दिया संदेश
Uttam Sharma
रतलाम 20 जून(स्पष्ट खबर)। अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय इंटीग्रेटेड योग महोत्सव के द्वितीय दिवस पर नगर निगम परिषद के पार्षदों, योग प्रशिक्षकों एवं योग साधकों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में योग के माध्यम से स्वस्थ, समृद्ध एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। आयोजित कार्यक्रम में महापौर प्रहलाद पटेल, रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, महापौर परिषद सदस्य पप्पू पुरोहित, श्रीमती अनिता कटारा, धर्मेन्द्र व्यास, अक्षय संघवी, क्षेत्रिय पार्षद श्रीमती निशा सोमानी, पार्षद रणजीत टांक, धर्मेन्द्र रांका, बलराम भट्ट, करण कैथवास, श्रीमती आयुशी सांकला, श्रीमती शबाना, रतलाम विकास प्राधिकरण सदस्य श्रीमती किरण महावर, पार्षद प्रतिनिधि शेरू पठान, राजेन्द्र चौहान आदि उपस्थित थे।
नगर के प्रथम नागरिक एवं महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि “ग्रीन रतलाम, क्लीन रतलाम और स्वास्थ्य से समृद्धि की ओर अग्रसर योगमय रतलाम” का जो स्वप्न देखा गया था, वह आज जनसहभागिता के माध्यम से विराट स्वरूप ग्रहण कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर योग यज्ञ में अपनी आहुति देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ “नारी तू नारायणी” की भावना के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बी.के. सीमा दीदी, महिला पतंजलि योग समिति की राज्य संवाद प्रभारी पिस्ता यादव तथा अन्य महिला पदाधिकारियों की सहभागिता रही।
योग सत्र के उपरांत महापौर प्रहलाद पटेल, रतलाम विकास प्राधिकरण (Ratlam Development Authorit) के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, पतंजलि युवा भारत के राज्य प्रभारी प्रेम पुनिया (Prem Punia, the State In-charge of Patanjali Yuva Bharat) तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. दाताराम जयंत के हाथों नगर निगम कर्मचारियों, वार्ड पार्षदों एवं योग शिक्षकों को योग सेवा सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें प्रशस्ति-पत्र, टी-शर्ट एवं गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के जिला नोडल अधिकारी रत्नेश विजयवर्गीय ने उपस्थित जनसमुदाय को “योग से निरोग एवं नशामुक्त हो अपना घर-आंगन” का सामूहिक संकल्प दिलाया। 11 दिवसीय “योग से निरोग महायज्ञ” के माध्यम से क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने वाले योग प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवकों की सेवाओं की सराहना करते हुए वक्ताओं ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायी योगदान बताया।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में केंद्रीय कोर समिति के सदस्य डॉ. उत्तम शर्मा (भारत स्वाभिमान ट्रस्ट जिला प्रभारी), अपार उपाध्याय (पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी), विशाल कुमार वर्मा (युवा भारत जिला प्रभारी), नित्यान्द्र आचार्य (सोशल मीडिया प्रभारी), अशोक कुमार शर्मा (कार्यालय प्रभारी), इंदु कुमार तिवारी (संवाद प्रभारी), विवेक शर्मा, कमलाशंकर पाठक एवं गोवर्धन बिलवार का विशेष योगदान रहा। अंत में सभी ने योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा रतलाम को योगयुक्त, स्वस्थ एवं नशामुक्त बनाने के संकल्प को दोहराया आभार विशाल कुमार वर्मा द्वारा किया गया।