रतलाम/अघोषित बिजली कटौती से परेशान किसानों ने किया विद्युत मंडल का घेराव, मुख्य मार्ग किया जाम,आश्वासन पर धरना समाप्त
Last Updated: अक्टूबर 25, 2026 " 03:38 अपराह्न"
Ratlam:बोदिना के किसानों का फूटा गुस्सा – धान की फसल सूखने की कगार पर, अधिकारी के आश्वासन पर धरना समाप्त
सुनील सिंह परिहार रतलाम/सैलाना। अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से परेशान ग्राम बोदिना के किसानों का सब्र आखिरकार टूट गया। आक्रोशित किसानों ने रविवार को सैलाना विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव कर दिया और सैलाना-रतलाम मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
अचानक हुए चक्काजाम से मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसानों का कहना है कि धान की फसल को इस समय पानी की सबसे ज्यादा जरूरत है, लेकिन विभाग द्वारा दिन में बार-बार अघोषित कटौती की जा रही है। वहीं रात के समय वोल्टेज इतना कम रहता है कि मोटर पंप चालू ही नहीं हो पाते। कई बार विभाग में शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
सूचना मिलने पर सैलाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाने का प्रयास किया। किसान बिजली सप्लाई के लिखित आश्वासन पर अड़े रहे।
बाद में विद्युत विभाग के अधिकारी द्वारा शीघ्र ही बिजली व्यवस्था सुधारने के आश्वासन के बाद किसानों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त किया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।