रतलाम: गरीब को बेहतर जीवन और सुलभता से अन्न मिले यही लक्ष्य – प्रभारी मंत्री श्री भदौरिया
Last Updated: अगस्त 7, 2021 " 07:04 अपराह्न"
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना अंतर्गत निःशुल्क खाद्यान्न वितरण समारोह आयोजित
रतलाम| हर गरीब को बेहतर जीवन सुविधाएं प्राप्त हों, अच्छा भोजन मिले, सुलभता से अन्न मिले और उनका पूर्ण विकास हो यही लक्ष्य देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान इस लक्ष्य को लेकर प्रत्येक ग़रीब को अन्न उपलब्ध करवा रहे हैं। प्रदेश के सभी पात्र हितग्राही इस योजना का लाभ लेकर खुशहाल हैं। उक्त विचार जिला प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी.एस. भदौरिया ने प्रधानमंत्री ग़रीब कल्याण योजना अंतर्गत आयोजित निःशुल्क खाद्यान्न वितरण समारोह में व्यक्त किए। बरबड़ स्थित विधायक सभागृह पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में रतलाम शहर विधायक श्री चैतन्य काश्यप, श्री राजेंद्रसिंह लुनेरा, कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम, जिला पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी, अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े सहित जनप्रतिनिधिगण, क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्य, निगरानी समिति सदस्य एवं हितग्राही मौजूद थे।
प्रभारी मंत्री श्री भदोरिया ने इस अवसर पर कहा कि आज पूरे प्रदेश में इस आयोजन के माध्यम से साढ़े 25 हजार से अधिक दुकानों पर ग़रीबों को खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रतलाम जिले में भी 521 उचित मूल्य दुकानों पर यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। जिले के 2 लाख 28 हजार 338 परिवारों के 9 लाख 51 हजार 824 सदस्य इस योजना का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्रीजी की मंशा के अनुरूप हर नागरिक की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पात्र हितग्राहियों को उनकी पात्रता के अतिरिक्त 5 किलोग्राम खाद्यान्न प्रति हितग्राही मई माह से नवंबर 2021 तक प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना अंतर्गत निःशुल्क खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है। उन्होंने सभी उपस्थित हितग्राहियों से आह्वान किया कि वे शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन स्तर को ऊंचा उठाएं। प्रभारी मंत्री श्री भदौरिया ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के सन्देश का वाचन भी किया।