Ratlam:धामनोद में भव्य पंडाल में गरबा रास का आयोजन, महाअष्टमी यज्ञ सम्पन्न हुआ
Last Updated: अक्टूबर 11, 2024 " 01:47 अपराह्न"
गरबा पंडाल की आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की गई, देर-रात तक गरबा के माध्यम से शक्ति की आराधना
रतलाम/धामनोद। भारत समेत पूरे विश्व में शक्ति आराधना का समय चल रहा है, हिंदू अपनी सामर्थ्य के अनुसार मां की भक्ति में लीन हैं। भारतीय तत्वज्ञान के दिशा सूत्र देनेवाले शास्त्र नृत्य को साधना का एक मार्ग बताते हैं। गरबा के माध्यम से शक्ति की आराधना इस उत्सव के माध्यम से करते हैं। धामनोद नगर में भी नवरात्रि पर्व पर मां की आराधना एवं गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
श्री कालिका माता मंदिर एवं प्रांगण में विशाल गरबा पंडाल एवं गांधी चौक स्थित श्री नवदुर्गा गरबा उत्सव में गरबा पंडाल की आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की गई है। पंडाल में भक्ति संगीत पर गरबा रास कर मां की आराधना की जा रही है। जिसमें विशाल गरबा पंडाल में हजारों की संख्या में बच्चे, महिलाएं, पुरूष गरबा नृत्य में तीन ताली से तीनो देव का आह्वान कर अपनी सामर्थ्य से मां भवानी की आराधना कर रहे हैं।
नवरात्रि में गरबा रास के पस्चात प्रति रात्रि गरबा पंडाल में दैवीय प्रतिबिंब के दर्शन लाभ हेतु मध्यरात्रि तक भक्तों का तांता मंदिर एवं पंडाल में लग रहा है।
महाअष्टमी यज्ञ सम्पन्न-
श्री कालिका माता मंदिर पर परंपरागत महाअष्टमी यज्ञ गुरुवार सायं को यज्ञाचार्य पंडितों ने मंत्रोच्चारण कर सम्पन्न कराया। यज्ञ यजमान ठा. लोकेंद्रसिंह सिसोदिया द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ में पूर्ण आहुतियां दी गई। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में बढ़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
गरबा महोत्सव आयोजन समिति द्वारा गरबा परिसर सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं वहीं स्थानीय पुलिस प्रतिदिन वाहनों से पेट्रोलिंग कर रही है।