रतलाम/ कलेक्टर ने की टीएल बैठक: स्कूल-आंगनबाड़ी में पेयजल की टेस्टिंग कर रिपोर्ट चस्पा करने के निर्देश
Last Updated: मई 25, 2026 " 07:35 अपराह्न"
Ratlam : समग्र ई-केवायसी 31 मई तक शत-प्रतिशत करें, सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर चेतावनी पत्र जारी होंगे
रतलाम(स्पष्ट खबर)। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपार्जन व्यवस्था, सीएम हेल्पलाइन, समयावधि पत्रों, समाधान पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, समग्र ई-केवायसी एवं अन्य विषयों पर विभागवार समीक्षा कर विभाग प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने स्कूल, आंगनवाड़ी, छात्रावास एवं आश्रमों में पेयजल स्रोतों की टेस्टिंग करवाकर रिपोर्ट भवन पर चस्पा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। समग्र ई-केवायसी का काम 31 मई तक शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए सभी नगरीय निकाय सीएमओ एवं जनपद सीईओ को निर्देशित किया गया।
बैठक में सभी विभाग प्रमुखों को सीएम हेल्पलाइन एवं समयावधि पत्रों का समाधानकारी निराकरण कर जवाब पोर्टल पर दर्ज करने को कहा गया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का जवाब एल-1 स्तर पर ही दर्ज किया जाए। कोई भी शिकायत नान-अटेंडेड अगले स्तर पर नहीं जानी चाहिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में अच्छा प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को प्रशंसा पत्र देने तथा खराब प्रदर्शन के साथ डी-ग्रेड वाले अधिकारियों को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन को दिए गए।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत पदाभिहीत अधिकारियों को प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हेलीपैड के लिए चिन्हित जमीन का तकनीकी मापदंडों के अनुसार निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के लिए ईई पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया गया। वयवंदना योजना के अंतर्गत लक्ष्य अनुसार आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए सीएमएचओ को निर्देश दिए गए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।