रतलाम में योग-क्रांति का शंखनाद: त्रि-दिवसीय महायज्ञ का भव्य शुभारंभ

  
Last Updated:  जून 19, 2026 " 06:25 अपराह्न"

Ratlam: योग-क्रांति का शंखनाद: त्रि-दिवसीय महायज्ञ का भव्य शुभारंभ

“सुबह उठकर शरीर को रगड़ो, तभी यह सोना बनेगा” – महापौर प्रहलाद पटेल

रतलाम, 19 जून(स्पष्ट खबर)। ‘ग्रीन-क्लीन रतलाम’ के संकल्प को ‘योगमय रतलाम’ के गौरवपूर्ण अध्याय के साथ जोड़ते हुए, नगर के सभी 49 वार्डों में 11 जून से संचालित योग शिविरों की श्रृंखला अब वृहद् योग-क्रांति का रूप ले चुकी है। इसी क्रम में नगर के विधायक सभागृह में गुरुवार को तीन दिवसीय ‘इंटिग्रेटेड योग महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस योग-महोत्सव की पूर्णाहुति 21 जून को ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ के अवसर पर होगी।

महापौर प्रहलाद पटेल के नेतृत्व तथा सभी 49 वार्डों के पार्षदों, पतंजलि राज्य प्रभारी प्रेम पुनिया एवं जिला योग समिति के सहयोग से यह आयोजन जन-जन में स्वास्थ्य की नई अलख जगा रहा है। उद्घाटन सत्र का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी अनोखी लाल कटारिया और अनिल झालानी उपस्थित रहे।

महापौर का ओजस्वी संबोधन
शिविर को संबोधित करते हुए महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा, “सुबह उठकर शरीर को रगड़ो, तभी यह सोना बनेगा। पुरातन काल से भारत ऋषि-कृषि संस्कृति का परिचायक रहा है। देह रूपी काया को पुरुषार्थ की अग्नि में जितना तपाएंगे, यह उतनी ही निरोगी होगी। तप, त्याग और तपस्या से ही माटी से सोना निकलता है।”

योग और यज्ञ का संगम
योग के इस अनुष्ठान को पतंजलि राज्य प्रभारी प्रेम पुनिया ने संपन्न कराया। मंच पर जिला प्रभारी डॉ. उत्तम शर्मा, अपार उपाध्याय और विशाल कुमार वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला आयुष अधिकारी डॉ. दाताराम जयंत, महिला पतंजलि राज्य संवाद प्रभारी श्रीमती पिस्ता यादव एवं जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय भी मौजूद रहे।

जितेंद्र राणावत के नेतृत्व में साई श्री इंटरनेशनल स्कूल व जवाहर व्यायामशाला के बच्चों ने संगीतमय योग का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। अतिथियों का सम्मान जिला प्रभारियों अशोक कुमार शर्मा, इंदु कुमार तिवारी, श्रीमती सीमा वर्मा, श्रीमती राजश्री सोनी, श्रीमती ज्योति बाला यादव एवं अन्य योग सेवकों द्वारा किया गया।

प्रथम दिवस की गतिविधियाँ
प्रथम दिवस पर पारंपरिक यौगिक जॉगिंग, सूक्ष्म व्यायाम, सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम का सघन अभ्यास कराया गया। जिला यज्ञ प्रभारी महर्षि संजय शिवशंकर दवे एवं गायत्री परिवार के शिवपाल छपरी के सहयोग से औषधीय जड़ी-बूटियों द्वारा यज्ञ का अनुष्ठान किया गया, जिससे संपूर्ण प्रांगण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।

कार्यक्रम का संचालन विशाल कुमार वर्मा द्वारा किया गया। पार्षदों, नगर परिवार के सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं की व्यापक भागीदारी यह सिद्ध करती है कि रतलाम अब शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति पूर्णतः संकल्पित है। अंत में आभार प्रेम पुनिया द्वारा व्यक्त किया गया।

महोत्सव की रूपरेखा
यह तीन दिवसीय योग महोत्सव 19 जून से 21 जून तक चलेगा। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योग प्रदर्शन के साथ महोत्सव का समापन होगा।

 137 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *