कलेक्टर ने पदयात्रा की अनुमति नहीं दी , विधायक लक्ष्मण सिंह ने विवादित बयान दिया-
Last Updated: सितम्बर 5, 2021 " 12:18 अपराह्न"
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के छोटे भाई चांचौड़ा विधानसभा सीट से विधायक लक्ष्मण सिंह ने कलेक्टर को लेकर विवादित बयान दिया। कलेक्टर ने कोविड-19 गाइडलाइन के कारण उनकी विधानसभा में पदयात्रा को अनुमति नहीं दी थी, इसी से नाराज होकर विधायक लक्ष्मण सिंह ने भरे मंच से कहा कि तुम्हारी औकात क्या है? तुम जैसे कई कलेक्टर आए और गए। कई और आएंगे।
कलेक्टर की अनुमति के बिना पदयात्रा निकाली
शनिवार को चांचौड़ा विधायक लक्ष्मण सिंह ने 15 किमी की पदयात्रा का आयोजन किया। गुना कलेक्टर की ओर से अनुमति न मिलने के बावजूद इस पदयात्रा में पूर्व मंत्री और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह भी शामिल हुए। मधुसूदनगढ़ इलाके के उकावद गांव के ढोका मंदिर से यह यात्रा शुरू हुई। यात्रा का समापन मधुसूदनगढ़ में किया गया।
पदयात्रा के समापन के अवसर के दौरान मंच पर पहले राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह और उसके बाद उनके चाचा विधायक लक्ष्मण सिंह भाजपा सरकार और जिला प्रशासन पर जमकर बरसे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा को सभा की अनुमति दे दी जाती है। तब कोरोना संक्रमण नहीं फैलता है, लेकिन कोरोना कांग्रेस की रैली या फिर किसानों की आवाज उठाने को लेकर फैलता है। आज कांग्रेसी 15 किलोमीटर पैदल चलकर आए है। कोरोना नहीं फैलेगा।
चीफ सेक्रेटरी, कलेक्टर, एसडीएम, जनपद सीईओ जनता के नौकर हैं: लक्ष्मण सिंह
उन्होंने कहा कि चीफ सेक्रेटरी, कलेक्टर, एसडीएम, जनपद सीईओ जनता के नौकर हैं। जनता मालिक है। यह प्रजातंत्र खून बहाकर हासिल किया है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान यह भाजपाई घरों में दुबके रहते थे। इस इतिहास को कई भाजपा के नेताओं ने स्वीकार किया है। भाजपा से डरने की जरूरत नहीं है और न ही अधिकारियों से। स्वतंत्रता संग्राम से पहले भाजपाई अंग्रेजों के गुर्गें थे।
एक एसडीएम टेड़ा चला था, अब ठीक हो गया
लक्ष्मण सिंह ने कहा कि एक एसडीएम आया था, जो बड़ा टेड़ा चला था। वह अब बिल्कुल ठीक हो गया है। अब हमारी पार्टी का कोई आदमी जाता है, तो कहता है कि साहब चाय पीजिए। अब यही हम राघौगढ़ में चाहते हैं कि कांग्रेस के व्यक्ति और जनता का स्वागत अधिकारी खड़े होकर करें।
500 करोड़ में सिंधिया के जयचंदों को खरीदा:जयवर्द्धनसिंह
राघौगढ़ विधायक जयवर्द्धन सिंह ने मंच से कहा कि भाजपा सरकार को 17 महीने हो गए हैं। आज बढ़ती महंगाई की वजह से जनता परेशान है। सिंधिया को भाजपा ने 500 करोड़ रुपए में खरीदा। साथ ही जयचंद विधायकों को भी खरीदकर पैसों के बल पर सरकार बनाई है। पटवारी आज सर्वे के नाम पर किसानों से पैसे मांगते हैं।