रतलाम/कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित, 151 आवेदन आए, कई का मौके पर निराकरण
Last Updated: जून 30, 2026 " 08:07 अपराह्न"
Ratlam: कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित, 151 आवेदन आए, कई का मौके पर निराकरण
रतलाम (स्पष्ट खबर)। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। एडीएम श्री बृजेंद्र कुमार रावत ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और उनसे आवेदन प्राप्त किए।
जनसुनवाई में कुल 151 आवेदन प्राप्त हुए। मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों से निराकरण योग्य आवेदनों का तत्काल समाधान करवाया गया। शेष आवेदनों के समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई के प्रमुख प्रकरण इस प्रकार रहे:-
जाति प्रमाण पत्र में नाम सुधार का मामला ग्राम देलवासा, तहसील ताल निवासी आवेदिका नैना पिता बाबु ने जाति प्रमाण पत्र में नाम सुधारने हेतु आवेदन दिया। एडीएम रावत ने मामले में तत्काल कार्यवाही के लिए एसडीएम आलोट को निर्देश दिए।
संबल योजना की राशि नहीं मिली ग्राम कोटड़ा निवासी आवेदक कमजी ने बताया कि उनकी पत्नी का स्वर्गवास 27 नवम्बर 2025 को हो गया था। संबल योजना अंतर्गत सहायता राशि के लिए उन्होंने 5 जनवरी 2025 को ऑनलाइन आवेदन दिया था। जनपद पंचायत सैलाना में भी आवेदन दिया, परंतु आज दिनांक तक राशि प्राप्त नहीं हुई है। इस पर सीईओ जनपद पंचायत सैलाना को प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
कृषि भूमि पर झुका विद्युत पोल ग्राम धामनोद निवासी आवेदक अनिल पिता दशरथ ने बताया कि उनकी कृषि भूमि पर स्थित विद्युत पोल काफी अधिक झुक गया है। इससे खेत में ट्रैक्टर एवं अन्य कृषि यंत्र ले जाने में समस्या हो रही है। एडीएम ने एसई एमपीईबी को तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
शासकीय भूमि पर पट्टे की मांग शिवगढ़ निवासी आवेदक प्रभु ने शासकीय भूमि पर पट्टा प्राप्त करने के लिए आवेदन दिया। मामले में आवश्यक कार्यवाही हेतु तहसीलदार सैलाना को निर्देशित किया गया।