रतलाम/ जनसुनवाई में अनुकंपा नियुक्ति से लेकर अतिक्रमण तक की शिकायतें पहुंची

  
Last Updated:  अगस्त 4, 2026 " 05:58 अपराह्न"

Ratlam:जनसुनवाई में अनुकंपा नियुक्ति से लेकर अतिक्रमण तक की शिकायतें पहुंची

रतलाम,(स्पष्ट खबर)। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में बड़ी संख्या में आमजन अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं अपर कलेक्टर बृजेंद्र कुमार रावत ने फरियादियों से एक-एक कर चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और निराकरण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान कुल 108 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से समाधान कराया। शेष आवेदनों के त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया।

बोदिना निवासी कविता परिहार ने पिता की मृत्यु के पश्चात अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी आवेदन दिया था, परंतु अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। मामले में जांच कर आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया।

ईश्वर नगर निवासी चतरूलाल ने बताया कि वह फर्नीचर बनाने का कार्य करता है। प्रतिप्रार्थी ठेकेदार द्वारा उससे फर्नीचर बनाने का कार्य करवाया गया था जिसकी कुल मजदूरी 66 हजार रुपये बनती थी। ठेकेदार द्वारा अब तक केवल 22 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। बकाया राशि मांगने पर ठेकेदार द्वारा आवेदक के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। बकाया राशि दिलवाने के संबंध में दिए गए आवेदन पर लेबर ऑफिसर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बीरमावल के ग्रामीणजनों ने गांव में अतिक्रमण के कारण बंद हुए रास्ते को पुनः चालू करवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। कार्रवाई के लिए एसडीएम रतलाम ग्रामीण को निर्देशित किया गया।

जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी आवेदकों को आश्वस्त किया कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी।

 85 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *