रतलाम/ राजधानी एक्सप्रेस के 2 कोचों में लगी भीषण आग, गार्ड की मुस्तैदी से बचे 68 यात्री, दिल्ली-मुंबई रूट ठप

  
Last Updated:  मई 17, 2026 " 09:35 पूर्वाह्न"

सुबह-सुबह धधकी राजधानी एक्सप्रेस, 68 जिंदगियां बचाने वाले गार्ड-पायलट बने हीरो

रतलाम के पास राजधानी के 2 कोच राख, कोई हताहत नहीं, दिल्ली-मुंबई लाइन बंद

रतलाम 17 मई 2026: रविवार सुबह दिल्ली-मुंबई(Delhi-Mumbai) मुख्य रेल मार्ग पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) के B-1 थर्ड AC कोच में अचानक आग भड़क उठी। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच हुआ।

सोते यात्रियों में मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह का समय होने से ज्यादातर यात्री सो रहे थे। B-1 कोच से अचानक धुआं और तेज लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में पूरी बोगी धुएं से भर गई, जिससे यात्रियों का दम घुटने लगा। चीख-पुकार सुनकर ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई।

https://x.com/i/status/2055845916758983074

गार्ड-पायलट की सूझबूझ से टली त्रासदी
ट्रेन के गार्ड ने लपटें देखकर तुरंत लोको पायलट को अलर्ट किया। पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को जंगल के बीच ही रोक दिया। रेलवे स्टाफ ने बिना देर किए B-1 कोच के दरवाजे खोले और उसमें सवार सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग इतनी तेज थी कि उसने पास के एक और कोच को भी चपेट में ले लिया। दोनों कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

https://x.com/i/status/2055849892845908184

राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर
सूचना मिलते ही रतलाम और कोटा रेल मंडल के अधिकारी, रेलवे डॉक्टर, एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। DRM रतलाम अश्वनी कुमार भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। रतलाम से दुर्घटना राहत ट्रेन ART/ARME भेजी गई।

दिल्ली-मुंबई रूट ठप, कई ट्रेनें रोकी गईं
सुरक्षा कारणों से OHE बिजली लाइन बंद करने से दिल्ली-मुंबई रूट पर परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। 12955 मुंबई सेंट्रल-जयपुर सुपरफास्ट को महिदपुर रोड स्टेशन पर रोकना पड़ा। तकनीकी टीम जले कोच हटाने और ट्रैक बहाली में जुटी है।

यात्रियों के लिए व्यवस्था
सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। सभी 68 यात्रियों को ट्रेन के दूसरे कोचों में शिफ्ट कर दिया गया। उनके लिए नाश्ते का इंतजाम किया गया। कोटा स्टेशन पर एक अतिरिक्त कोच जोड़कर यात्रियों को दिल्ली भेजा जाएगा।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के आदेश
रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। SLR कोच में रखे सामान के नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
फिलहाल दिल्ली-मुंबई रूट पर यातायात सामान्य करने का प्रयास जारी है। यात्रियों को हेल्पलाइन 139 पर अपडेट लेने की सलाह दी गई है।

 195 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *