सैलाना में शालेय एवं छात्रावासी विद्यार्थियों की दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं प्रारंभ हुई

  
Last Updated:  जनवरी 31, 2020 " 06:12 अपराह्न"

रतलाम/सैलाना । 31-जनवरी-2020
खेल मनुष्य को मनुष्यता के उच्च स्तर तक पहुंचाते हैं। खेलों से मनुष्य शालीन बनता है, एक दूसरे के सहयोग की भावना का विकास होता है। यह उद्गार विधायक सैलाना हर्षविजय गहलोत ने सैलाना हाई सेकेंडरी स्कूल प्रांगण में आयोजित हो रहे दो दिवसीय शालेय छात्रावासी जिला स्तरीय क्रीडा, सांस्कृतिक एवं भौतिक प्रतियोगिताओं के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए। आदिम जाति अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा की जा रही प्रतियोगिताओं के आयोजन अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नम्रता राठौड़, रामप्रसाद चंदेल, चैतन्य शुक्ला, जगदीश पाटीदार, एसडीएम श्रीमती कामिनी ठाकुर तथा बड़ी संख्या में शिक्षकगण, विद्यार्थी खिलाड़ी उपस्थित थे।


विधायक श्री गहलोत ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज के भौतिकवादी युग में और भी आवश्यक हो गया है कि हम खेलों में शामिल होकर तनावमुक्त रहें। खेल जीवन जीने एक ऐसा ढंग है जो हमें जीवन को उल्लास के साथ जीने की कला सिखाता है। उन्होंने सैलाना बालक हाई सेकेंडरी स्कूल मैदान पर आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता के सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मैदान कई बड़े खिलाड़ियों के कौशल का गवाह रहा है, इस मैदान पर कई बड़ी खेल प्रतिभाओं ने अपने खेल के जौहर दिखाए हैं।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि एक खिलाड़ी कई लोगों की प्रेरणा होता है। इसके साथ ही खिलाड़ी विपरीत परिस्थितियों का सामना बड़ी आसानी से कर लेता है। कलेक्टर ने सभी खिलाड़ियों से कहा कि वे अपनी पूरी प्रतिभा और दमखम के साथ खेलों में हिस्सा ले। पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी अपने अंदर छिपी प्रतिभा को पहचाने। पूरी मेहनत के साथ आगे आए, आत्मविश्वास और दमखम के साथ खेलों में अपना नाम रोशन करें। इस अवसर पर सांस्कृतिक आयोजन भी हुए, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग आर.एस. परिहार भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन आशीष दशोत्तर ने किया।

 7,426 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *