उपार्जन के सम्बन्ध में जिला स्तरीय उपार्जन समिति की बैठक आयोजित-
रतलाम:20 मई 2020(स्पष्ट खबर)| कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की अध्यक्षता में रबी विपणन वर्ष 2020-21 में गेहूं उपार्जन के सम्बन्ध में जिला स्तरीय उपार्जन समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वास्तविक किसानों से ही उपज खरीदी जाए। सभी केंद्र प्रभारी सतर्कता बरते। भण्डारण के लिए एफसीआई से 2 रेलवे रेक रतलाम के लिए आवंटित कराए जाएं। बैठक में उपार्जन केन्द्र जावरा मण्डी, बडायला माताजी, कालूखेडा, हरथल, ताल तथा आलोट में बारदान शीघ्र भेजने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। माउखेडी, बडायला माताजी, खारवाकला उपार्जन केन्द्रों से क्रय किए गए गेहूं का परिवहन शीघ्र कराने तथा जिन खरीदी केन्द्रों पर गेहूं की खरीदी कम हो रही है, उन केन्द्रों को प्रोटोकाल अनुसार बन्द करने की कार्यवाही तथा कौन से केन्द्र किस तारीख को बंद किए जा रहे हैं, उसकी सूची दिनांकवार बनाकर महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्र बैंक को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिन केन्द्रों को बन्द किया जा रहा है, उन पर शेष रहे किसानों को फोन पर सम्पर्क करने एवं इस सम्बन्ध में एक रजिस्टर संबंधित सोसायटी/संस्था द्वारा तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिन केन्द्रों पर खरीदी बंद की जा रही है, उन केन्द्रों पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग अन्य केन्द्रों जहां अधिक मात्रा में खरीदी हो रही है, वहां उपयोग करने के निर्देश दिए गए। जिन केन्द्रों पर किसानों को एसएमएस भेजे जाना शेष हैं, उनकी समीक्षा की जाकर शेष रहे दिनों में सभी किसानों को एसएमएस करवाने हेतु उपार्जन केन्द्रवार संख्या निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि भारतीय खाद्य निगम को दो रेक के माध्यम से गेहूं का परिवहन किया जाना है, इस हेतु केन्द्रों का चयन कर सूची जिला प्रबंधक भारतीय खाद्य निगम को जिला प्रबंधक म.प्र. स्टेट सिविल सप्लाई कार्पोरेशन रतलाम देना सुनिश्चित करें। मण्डी सचिव मण्डी सौदा पत्रक से गेहूं खरीदी करने वाले व्यापारियों की जांच कर प्रतिवेदन देंगे तथा जिलों की मंडियों, उपमंडियों में निर्मित कवर्डशेड की जानकारी तत्काल प्रस्तुत करेंगे। महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक रतलाम एवं उपायुक्त सहकारिता जिले में उचित मूल्य दुकानों पर एक बार उपयोग किए गए बारदान की जानकारी देना सुनिश्चित करेंगे।