रतलाम/कलेक्टर श्री कटेसरिया ने ग्राम जमुनिया हल्का में सोयाबीन कटाई का निरीक्षण किया
Last Updated: सितम्बर 18, 2026 " 05:56 अपराह्न"
Ratlam : मजदूरों के साथ खेत में बैठकर की चर्चा, फलियां तोड़कर दाने भी देखे
रतलाम(स्पष्ट खबर)। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने ग्राम जमुनिया हल्का में कृषक जयंतीलाल पाटीदार के खेत में चल रही सोयाबीन फसल की कटाई का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर खेत में मजदूरों के साथ बैठे और उनसे फसल की स्थिति एवं कटाई के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
खेत में ग्राम अंबोदिया के आदिवासी मजदूर सोयाबीन कटाई का कार्य कर रहे थे। मजदूर कांताबाई ने बताया कि इस बार सोयाबीन की फसल अच्छी हुई है। यदि बारिश नहीं होती है तो कटी हुई फसल खराब नहीं होगी। उन्होंने बताया कि प्रति बीघा लगभग 4 से 5 क्विंटल सोयाबीन उत्पादन होने का अनुमान है।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने खेत में सोयाबीन की फलियां स्वयं तोड़कर उनमें से दाने निकालकर देखे तथा फसल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मजदूरों से कटाई में लगने वाले समय और प्रतिदिन किए जाने वाले कार्य की जानकारी भी ली। मजदूरों ने बताया कि तीन मजदूर दिनभर में लगभग एक बीघा सोयाबीन की कटाई कर लेते हैं।
कलेक्टर ने किसानों और मजदूरों से चर्चा कर फसल की स्थिति, उत्पादन के अनुमान तथा कटाई कार्य की वास्तविक स्थिति को समझा। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन भी मौजूद रहीं।